झारखंड के साहिबगंज जिले के नगर थाना क्षेत्र के कृष्णानगर स्थित एन क्लब के सामने रहने वाले शंकर मंडल साइबर ठगी का शिकार हो गए. साइबर अपराधियों ने उनके बैंक खाते से 96,666 रुपये की अवैध निकासी कर ली. मामले को लेकर पीड़ित ने नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है.
मोबाइल ब्लैक होने के बाद साइबर ठगी का आरोप
पीड़ित शंकर मंडल ने अपने आवेदन में बताया है कि 6 जून 2026 को उनके साथ साइबर फ्रॉड की घटना हुई. उन्होंने बताया कि अपना मोबाइल फोन चार्जिंग में लगाकर कुछ देर के लिए बाहर गए थे. वापस लौटने पर मोबाइल की स्क्रीन पूरी तरह ब्लैक हो गई थी और फोन के अंदर से ऑडियो जैसी आवाजें आ रही थीं. काफी प्रयास के बावजूद मोबाइल सामान्य नहीं हुआ. करीब 15 से 20 मिनट बाद मोबाइल खुद चालू हो गया.
बिना OTP खाते से 96,666 रुपये निकले
मोबाइल चालू होने के बाद उनके फोन पर बैंक खाते से राशि निकासी का संदेश प्राप्त हुआ. संदेश देखने पर पता चला कि उनके खाते से यूपीआई के माध्यम से 96,666 रुपये की निकासी कर ली गई है. शंकर मंडल का कहना है कि इस दौरान उन्हें न तो किसी प्रकार का ओटीपी प्राप्त हुआ और न ही कोई फोन कॉल आया था. ऐसे में उन्हें आशंका है कि साइबर अपराधियों ने मोबाइल हैक कर उनके खाते से राशि उड़ाई है.
साइबर ठगी की शिकायत दर्ज, रकम वापसी की मांग
आवेदन में उन्होंने उल्लेख किया है कि घटना की शिकायत उन्होंने भारत सरकार के राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी दर्ज कराई है. इसके बाद उन्होंने नगर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए साइबर ठगी का मामला दर्ज करने और उनके खाते से निकाली गई राशि वापस दिलाने की मांग की है.
मामले की जांच शुरू, कानूनी कार्रवाई का भरोसा
इधर, नगर थाना प्रभारी अमित गुप्ता ने बताया कि पीड़ित का आवेदन प्राप्त हुआ है. मामले की जांच की जा रही है. साइबर अपराध से संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.










