झारखंड सरकार के परिवहन विभाग ने राज्य में सुचारू यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा मानकों को प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है. विभाग द्वारा जारी नवीनतम अधिसूचना के अनुसार, प्रदेश में मोटरयान निरीक्षक (MVI) के 21 अतिरिक्त पदों के सृजन को स्वीकृति दे दी गई है. इस विस्तार के बाद राज्य में एमवीआई के कुल स्वीकृत पदों की संख्या 49 से बढ़कर 70 हो जाएगी.
इन जिलों को मिला सबसे ज्यादा फायदा
नये पदों के आवंटन में कार्यभार को प्राथमिकता दी गई है. अधिसूचना के अनुसार रांची, हजारीबाग और पूर्वी सिंहभूम जैसे प्रमुख केंद्रों में दो-दो अतिरिक्त पदों को मंजूरी मिली है. पश्चिमी सिंहभूम, गढ़वा और पाकुड़ में भी दो-दो नए पद सृजित किए गए हैं, जबकि धनबाद, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा, चतरा, साहेबगंज, लातेहार, सिमडेगा और जामताड़ा सहित अन्य जिलों में एक-एक अतिरिक्त पद दिया गया है.
क्यों पड़ी अतिरिक्त पदों की जरूरत?
सरकार ने स्पष्ट किया है कि झारखंड के सभी 24 जिलों में पहले से पद स्वीकृत थे, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में वाहनों की संख्या में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है. इसके परिणामस्वरूप फिटनेस जांच, ड्राइविंग टेस्ट, राजस्व संग्रह और सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों का बोझ काफी बढ़ गया था. इन पदों पर होने वाले वेतन और अन्य खर्चों का वहन परिवहन विभाग के बजट से ही किया जाएगा.
MVI के जिम्मे होंगे ये महत्वपूर्ण कार्य
नये निरीक्षकों की नियुक्ति से विभाग की कार्यक्षमता में सुधार होगा. इनके मुख्य कार्यों में शामिल होंगे
कमर्शियल और निजी वाहनों की तकनीकी फिटनेस जांच.
सड़क दुर्घटनाओं के बाद वाहनों का तकनीकी मुआयना
ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने से पहले चालक की दक्षता का परीक्षण
मोटर वाहन कर (Tax) का संग्रह और प्रदूषण नियंत्रण मानकों की निगरानी.
आपदा की स्थिति में वाहनों का अधिग्रहण और सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाना.










