गुवा खदान क्षेत्र में ग्रामीणों का उग्र आंदोलन- 500 नौकरियों की मांग पर रास्ता जाम

Share this News:

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम के गुवा क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 4:00 बजे से 12 गांव के मुंडा-मानकी के बैनर तले लगभग 100 ग्रामीणों ने जोरदार आंदोलन शुरू कर दिया. आंदोलनकारियों ने सेल के साइज स्क्रीन क्षेत्र, जीरो प्वाइंट और लोडिंग प्वाइंट के मुख्य मार्ग को पूरी तरह सील कर दिया, जिससे पूरे खदान क्षेत्र का आवागमन बाधित हो गया.

बसें भी रोकी गईं
आंदोलन का असर इतना व्यापक रहा कि पहली पाली में खदान जाने वाली बसों को भी पूरी तरह रोक दिया गया। इससे उत्पादन और डिस्पैच पर सीधा असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.

आंदोलनकारियों को समझाने की कोशिश की
मौके पर तैनात सीआईएसएफ और झारखंड पुलिस बल के जवानों ने आंदोलनकारियों को समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अपनी मांगों पर अड़े रहे और रास्ता खोलने से इनकार कर दिया.

प्रबंधन ने समझाने की कोशिश की
स्थिति को संभालने के लिए सेल प्रबंधन की ओर से एचआर महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, डीजीएम सीएसआर अनिल कुमार और अमित तिर्की मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों के साथ वार्ता की. प्रबंधन ने हर महीने मुंडा-मानकी संघ के साथ बैठक कर हर गांव से 2-3 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव रखा. हालांकि, आंदोलनकारी इस प्रस्ताव से संतुष्ट नहीं हुए.

500 रोजगार पर अड़े ग्रामीण
आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना है कि जब तक 500 बेरोजगारों को रोजगार देने का लिखित आश्वासन नहीं मिलता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. वार्ता विफल होने के बाद भी आंदोलन जारी है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है और खदान का कामकाज पूरी तरह प्रभावित हो रहा है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *