राजधानी रांची समेत पूरे झारखंड में तपती गर्मी का असर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। राजधानी का तापमान भी 38.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच चुका है।
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने झारखंड में अगले तीन दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने को लेकर अलर्ट (Jharkhand Heatwave Alert) जारी किया है। रविवार को भी दिनभर तपती धूप ने आम जनजीवन को प्रभावित किया।
आमतौर पर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र कांटाटोली चौक, लालपुर चौक, कचहरी चौक, हरमू चौक, अपर बाजार, मेन रोड, अल्बर्ट एक्का चौक पर आमदिनों के मुकाबले कम भीड़ दिखी।
लोग गर्मी से बचने के उपाय ढूंढते दिखे। बताया गया कि राज्य के अमूमन सभी जिलों में अगले दो दिनों तक तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने दी सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, जमशेदपुर और खूंटी जिलों में विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। इन जिलों में गर्म हवाओं (लू) का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है।
लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर न निकलने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की अपील की गई है। विशेषकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों को विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता है।
वहीं, राहत की खबर यह है कि 24 अप्रैल के बाद राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में हल्की वर्षा और बादल छाने की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट हो सकती है।
लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण जहां गर्मी की तपिश बढ़ गई है वहीं झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन और पासवा ने डीसी रांची से स्कूलों की समयसारिणी में बदलाव की मांग की है।
हालांकि, कुछेक स्कूलों ने समयसारिणी में बदलाव अवश्य किए हैं लेकिन समय घटाने के बजाए उसे बढ़ा दिया गया है। जिससे बच्चों की परेशानी बढ़ने की संभावना है।
ऐसा रहा मौसम
पिछले 24 घंटे के मौसम (Jharkhand Weather) की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस डाल्टनगंज का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस गुमला का रिकॉर्ड किया गया। वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम 38.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।










