विष्णुगढ़ हत्याकांड पर सख्त हुए वित्त मंत्री- पीड़ित परिवार से मुलाकात, अधिकारियों को लगाई फटकार

Share this News:

झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर सोमवार को विष्णुगढ़ पहुंचे और हाल ही में हुए दर्दनाक हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात की. उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दी और पूरे मामले की विस्तृत जानकारी ली. मंत्री ने घटनास्थल पर जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की अनुपस्थिति और कार्रवाई की धीमी गति पर सख्त नाराजगी जाहिर की.

पॉक्सो सहायता में देरी पर भड़के मंत्री
मंत्री ने विशेष रूप से पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) के तहत मिलने वाली सरकारी सहायता राशि में हो रही देरी को लेकर भी अधिकारियों की जमकर क्लास लगाई. उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी और संवेदनशील घटना के बावजूद अब तक पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद क्यों नहीं पहुंचाई गई? उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि क्या प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह अन्य गैर-जरूरी गतिविधियों में व्यस्त है, जो इस गंभीर मामले को नजरअंदाज किया जा रहा है.

मंत्री के कड़े रुख के बाद सक्रिय हुआ जिला प्रशासन
राधा कृष्ण किशोर के कड़े तेवरों का असर तुरंत धरातल पर देखने को मिला. उनके वहां से प्रस्थान करने के कुछ ही देर बाद, जिले के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) खुद घटनास्थल पर पहुंचे और जांच का जायजा लिया. पत्रकारों से बातचीत में मंत्री भावुक नजर आए और उन्होंने अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के लिए, ‘स्पीडी ट्रायल’ (Speedy Trial) के जरिए जल्द से जल्द न्याय दिलाने का भरोसा दिया.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *