भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया. टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही पूरे देश में जश्न का माहौल देखने को मिला. राजधानी रांची में भी क्रिकेट प्रेमियों ने सड़कों पर उतरकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया.
भारतीय क्रिकेट टीम विश्व स्तर पर मजबूत है
फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड पर पूरी तरह दबदबा बनाए रखा. बल्लेबाजों की आक्रामक पारी और गेंदबाजों की सटीक लाइन-लेंथ के सामने न्यूजीलैंड की टीम टिक नहीं पाई और भारत ने बड़े अंतर से जीत दर्ज करते हुए टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया. इस जीत के साथ ही भारत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में विश्व स्तर पर मजबूत टीम है.
करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण- केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री
भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर देश के केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने सभी खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि टीम इंडिया ने अपने शानदार खेल से पूरे देश को गौरवान्वित किया है. खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम वर्क की बदौलत भारत ने यह ऐतिहासिक जीत हासिल की है. उन्होंने कहा कि यह जीत देश के करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण है.
झारखंड भी गर्व महसूस कर रहा है- हेमंत सोरेन
वहीं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी टीम इंडिया को टी20 विश्व कप जीतने पर हार्दिक बधाई दी. उन्होंने अपने संदेश में कहा, ‘टीम इंडिया को टी20 विश्व कप 2026 जीतने पर हार्दिक बधाई. यह जीत करोड़ों भारतीयों के गर्व, विश्वास और जुनून की जीत है. हमारे खिलाड़ियों ने अद्भुत कौशल, साहस और टीम भावना का परिचय दिया है. पूरे देश के साथ झारखंड भी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर गर्व महसूस कर रहा है. जय हिंद!’
यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है- बाबूलाल मरांडी
इधर झारखंड के नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने भी टीम इंडिया की इस ऐतिहासिक जीत पर खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं. उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए देश को गौरवान्वित किया है. यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है और खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है. राजधानी रांची में भारतीय टीम की जीत को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. शहर के विभिन्न इलाकों में क्रिकेट प्रेमियों ने पटाखे फोड़े, तिरंगा लहराया और टीम इंडिया के समर्थन में नारे लगाए. कई जगहों पर युवाओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ जश्न मनाया और देर रात तक खुशी का माहौल बना रहा.
भारतीय खिलाड़ियों का पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन- क्रिकेट प्रेमी
क्रिकेट प्रेमियों ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों की जमकर सराहना की. लोगों ने संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, इशान किशन, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे और जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन की विशेष रूप से तारीफ की. खेल प्रेमियों का कहना था कि भारतीय खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और टीम भावना के साथ खेलते हुए देश को विश्व विजेता बनाया.










