झारखंड में दो दिन बदला रहेगा मौसम, गरज-चमक और तेज हवा की चेतावनी

Share this News:

मार्च की शुरुआत के साथ ही झारखंड में मौसम का मिजाज बदलने लगा है। राज्य के कई जिलों में बादल छाने लगे हैं और हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मार्च को खासतौर पर उत्तर-पूर्वी और उससे सटे मध्य जिलों में आंशिक से लेकर घने बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि कई इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। इसी को देखते हुए वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दो दिनों तक मौसम में यह बदलाव बना रहेगा, जिसके बाद आसमान साफ होने लगेगा और गर्मी का असर धीरे-धीरे बढ़ेगा।

पूर्वानुमान के मुताबिक 9 मार्च को बोकारो, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ जिलों में बादल छाए रहने के साथ कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं 10 मार्च को बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवा चलने और गर्जना की स्थिति भी बन सकती है। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हो रहा है। इसके चलते वातावरण में नमी बढ़ी है और बादल बनने की स्थिति बनी हुई है। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में भी अगले दो दिनों तक मौसम बदला हुआ रहेगा। यहां आंशिक बादल छाने के साथ गरज वाले बादल बनने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।

इस दौरान रांची का अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश के साथ कुछ जगहों पर वज्रपात की आशंका जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक 11 मार्च से राज्य में मौसम धीरे-धीरे साफ होने लगेगा और 12 मार्च तक अधिकतर जिलों में आसमान साफ रहने की संभावना है। इसके बाद तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। अनुमान है कि मार्च के तीसरे सप्ताह के अंत तक जमशेदपुर समेत दक्षिणी जिलों में तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। बारिश का यह दौर खत्म होने के बाद राज्य में शुष्क और गर्म मौसम का प्रभाव बढ़ने की संभावना है, जिससे दिन के समय गर्मी और तेज महसूस हो सकती है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *