रांची में कचहरी चौक कांड के बाद स्टेशन रोड बना नया अड्डा, तीन रातों की पड़ताल में खुली पोल

Share this News:

झारखंड की राजधानी रांची में कचहरी चौक पर किन्नरों के साथ शराब पीने के विवाद के बाद हुई हिट एंड रन, अपहरण और पुलिसकर्मी को कुचलने के प्रयास की सनसनीखेज घटना ने शहर को झकझोर दिया है. घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और कचहरी चौक के आसपास सख्ती बढ़ाई गई है. कुछ दिनों तक वहां अड्डेबाजी पर लगाम भी दिखी, लेकिन हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं. टीम ने विभिन्न चौक-चौराहों का मुआयना किया. कचहरी चौक के आसपास अब अड्डेबाजी बंद है, लेकिन चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर रोजाना गतिविधियां जारी हैं.

स्टेशन रोड की झोपड़ी बनी नया अड्डा
टीम की जांच में सामने आया कि चुटिया थाना क्षेत्र के स्टेशन रोड पर गतिविधियां अब भी जारी हैं. सड़क किनारे दो चाय दुकानों के बीच बनी एक झोपड़ी को सेक्स वर्कर्स का मुख्य अड्डा बना लिया गया है. देर रात यहां संदिग्ध गतिविधियां खुलेआम देखी जा सकती हैं. स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि रात होते ही यहां माहौल बदल जाता है और राहगीरों की आवाजाही असहज हो जाती है.

तीन रातों की निगरानी में सामने आई तस्वीर
टीम ने लगातार तीन रातों तक रात 9.30 बजे से 1.30 बजे तक इलाके की निगरानी की है. पहली रात दो महिलाएं मुंह कपड़े से ढके सड़क किनारे खड़ी मिलीं. वे पैदल गुजर रहे युवकों से बातचीत करती दिखीं. तीन युवकों से बात हुई, लेकिन डील नहीं बनी. इसके बाद एक कार सवार से लंबी चर्चा होती नजर आई. दूसरी और तीसरी रात भी झोपड़ी के आसपास लगभग वही दृश्य दोहराया गया है. ग्राहक चाय की दुकानों पर रुकते हैं, फिर इशारों में बातचीत होती है और कुछ लोग झोपड़ी की ओर जाते देखे जाते हैं. कई बार सड़क पर ही अशोभनीय हरकतें की जाती हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी होती है.

राहगीरों और स्थानीय लोगों में नाराजगी
स्टेशन रोड से रोजाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं. देर रात काम से लौटने वाले कर्मचारी, यात्री और आसपास के निवासी इस माहौल से असहज हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार महिलाएं राहगीरों को रोककर बातचीत करने की कोशिश करती हैं. गाड़ी चालकों को भी रुकने के लिए इशारे किए जाते हैं. इससे ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित होती है. कुछ अभिभावकों ने चिंता जताई है कि युवा वर्ग तेजी से इस जाल में फंस रहा है. आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर पृष्ठभूमि के कई युवक ऐसे संपर्क में आकर गलत राह पकड़ लेते हैं.

पुलिस की भूमिका पर सवाल
कचहरी चौक की बड़ी घटना के बाद पुलिस कुछ दिनों तक सक्रिय दिखी है. बताया जाता है कि दुर्घटना वाली रात पुलिस की सख्ती देखकर कई लोग वहां से भाग निकले थे. लेकिन सामान्य दिनों में स्थिति फिर ढीली पड़ जाती है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि नियमित गश्ती नहीं होने से ऐसे अड्डों को बढ़ावा मिल रहा है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि सूचना मिलने पर कार्रवाई की जाती है. लेकिन लगातार जारी गतिविधियां इस दावे पर सवाल खड़े करती हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *