झारखंड में कड़ाके की ठंड, तापमान में 3–5 डिग्री तक गिरावट

Share this News:

उत्तर भारत में बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से झारखंड में ठंडी हवाएं तेज हो गई हैं। पिछले 24 घंटे में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। रांची में 4.1 डिग्री, मेदिनीनगर में 5.4 डिग्री और बोकारो में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। राजधानी रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, मेदिनीनगर 6.3, बोकारो 8.5, लोहरदगा 4.1 और कांके 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के समय घना कोहरा और तेज कनकनी से जनजीवन प्रभावित है।

आठ जनवरी तक सभी स्कूल बंद, प्री बोर्ड पर अलग फैसला
शीतलहरी को देखते हुए स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने राज्य के सभी सरकारी, गैर सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को आठ जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिन विद्यालयों में प्री बोर्ड परीक्षा प्रस्तावित है, वहां सक्षम प्राधिकार अपने विवेक से परीक्षा संचालन को लेकर निर्णय ले सकते हैं। ठंड और कोहरे के कारण छोटे बच्चों की सेहत पर खतरे को देखते हुए यह कदम उठाया गया है।

अगले दो दिन और गिरेगा पारा, येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की और कमी हो सकती है। इसके बाद तीसरे दिन से तापमान में धीरे धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं। सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा और शाम को ठंडी हवाओं के साथ कनकनी बढ़ेगी। रांची समेत 15 जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। विजिबिलिटी कई इलाकों में 300 से 700 मीटर तक सिमट गई है, जिससे सड़क और हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है।

अधिकतम तापमान में भी गिरावट, स्वास्थ्य को लेकर सलाह
पिछले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री रहा, जो सामान्य से करीब तीन डिग्री कम है। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 21.2 डिग्री और मेदिनीनगर में 21.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मॉर्निंग वॉकर, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े पहनने और अनावश्यक रूप से सुबह और देर शाम बाहर निकलने से बचने को कहा गया है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *