अब टैलेंट नहीं रुकेगा पैसों से: जनजातीय विद्यार्थियों के लिए हेमंत सरकार की बड़ी पहल

Share this News:

झारखंड के जनजाति समुदाय के वैसे विद्यार्थी जो आर्थिक कमी और सही गाइडेंस के अभाव में जेईई और मेडिकल परीक्षा पास करने से वंचित हो जाते थे. उनके सपनों को पंख लगाने की कोशिश हेमंत सरकार ने की. दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नाम पर राजधानी रांची के हिंदपीढ़ी स्थित आदिवासी मैदान में कोचिंग संस्थान खोली गई है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को नवनिर्मित इस कोचिंग संस्थान का उद्घाटन किया.

आदिवासी विद्यार्थियों के लिए समर्पित इस कोचिंग संस्थान में पढ़ाई की जिम्मेदारी राजस्थान की एक संस्था मोशन को दी गई है. नवनिर्मित इस कोचिंग संस्थान परिसर में दिशोम गुरु शिबू सोरेन की आदमकद प्रतिमा लगाई गई है. जिसका अनावरण सीएम हेमंत सोरेन ने किया. इसके अलावे विद्यार्थियों के रहने और पढ़ाई के लिए आधुनिक सुविधा से लैस स्मार्ट क्लास बनाया गया है. जिसमें एक वर्ष और दो वर्ष के जेईई की कोचिंग और मेडिकल नीट परीक्षा की तैयारी कराई जाएगी.

ऐसा रिजल्ट दें कि झारखंड का नाम हो रोशन: सीएम

दिशोम गुरु शिबू सोरेन इंजीनियरिंग और मेडिकल कोचिंग संस्थान का उद्घाटन करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विद्यार्थियों को आह्वान करते हुए कहा कि ऐसा रिजल्ट दें कि झारखंड का नाम रोशन हो. सीएम ने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों के लिए सरकार ने कई योजना चला रखी है. जिसमें एक नाम यह भी जुड़ गया है. उन्होंने विद्यार्थियों से आर्थिक कमी की चिंता छोड़ पढ़ाई में ध्यान केंद्रित करने का आह्वान किया. सीएम ने कहा कि आप ना केवल अपने रिजर्व एसटी कैटेगरी में बल्कि उससे भी बेहतर करने का प्रयास करें. जिससे राज्य का गौरव बढ़े.

कुछ अंक से पीछे रहने वाले विद्यार्थियों की भी हो व्यवस्था: मुख्यमंत्री

इस मौके पर विभागीय पदाधिकारियों को कोचिंग परिसर में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए खेलकूद की भी व्यवस्था करने का निर्देश दिया. सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि इससे पढ़ाई के साथ-साथ इनका शारीरिक मानसिक विकास भी होगा. सीएम ने कोचिंग के लिए चयनित विद्यार्थियों को शुभकामना देते हुए जहां उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं कुछ अंकों से इस कोचिंग संस्थान में दाखिला से वंचित रहने वाले विद्यार्थियों के लिए अलग से अतिरिक्त बैच चलाने को कहा है. जिससे उन्हें भी मौका मिले.

हर जिले में लाइब्रेरी भवन बनेगा: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य सरकार द्वारा शिक्षा की अलख जगाने के लिए किए जा रहे प्रयास का जिक्र करते हुए कहा कि हर जिले में लाइब्रेरी भवन बनाने का फैसला सरकार ने किया है. जिसमें ई-लाइब्रेरी की सुविधा होगी. कल्याण विभाग द्वारा शुरू किए गए इस कोचिंग संस्थान को खास बताते हुए मंत्री चमरा लिंडा ने विद्यार्थियों से गुरूजी के सपनों को साकार करने का आह्वान किया है.

गुरूजी हमेशा शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान करते थे: मंत्री चमरा लिंडा

मंत्री चमरा लिंडा ने कहा कि गुरुजी (दिशोम शिबू सोरेन) हमेशा से जनजातियों से शिक्षा ग्रहण करने का आह्वान करते थे. ऐसे में उन्हें इस कोचिंग संस्थान को समर्पित करते हुए खुशी हो रही है. उद्घाटन कार्यक्रम में सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विभागीय सचिव कृपानंद झा सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे. इधर इस कोचिंग के जरिए इंजीनियरिंग और मेडिकल प्रवेश परीक्षा के लिए तैयारी करने आए जनजातीय विद्यार्थी बेहद खुश थे. विद्यार्थियों को उम्मीद है कि उनके सपनों का पंख इस कोचिंग के माध्यम से लगेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *