भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की दोस्ती से पूरी दुनिया वाकिफ है. भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला रांची में खेलना है. मैच से पहले धोनी ने टीम के खिलाड़ियों के लिए डिनर होस्ट किया था. यहां ना सिर्फ विराट कोहली ने खाने का मजा उठाया बल्कि अपने पूर्व कप्तान धोनी की सबसे प्यारी चीज बाइक को चलाने का भी अनुभव लिया.
महेंद्र सिंह धोनी को क्रिकेट के बाद अगर किसी चीज से सबसे ज्यादा प्यार है तो वो बाइक और कार है. उनके बाइक और कार का कलेक्शन पूरी दुनिया में मशहूर है. रांची में जब धोनी के घर पर विराट कोहली ने डिनर किया तो उसके बाद गाड़ियों के साथ बाइक का कलेक्शन भी देखने गए. वहां उन्होंने पूर्व कप्तान की सबसे प्यारा और पुरानी यामाहा की आरएक्स 100 को चलाया और इसपर बैठकर फोटो भी खिंचवाई.
विराट कोहली ने धोनी के घर की सैर की
विराट कोहली, ऋषभ पंत और रुतुराज गायकवाड़ के साथ गुरुवार रात रांची में एमएस धोनी के घर पहुंचे. कोहली के वेन्यू पर पहुंचते ही फैंस ने जोरदार स्वागत किया. गेट-टुगेदर के बाद धोनी खुद अपनी कार में कोहली को ड्राइव करते हुए नजर आए. जब भी भारत की टीम रांची में मैच खेलने आती है, धोनी अक्सर पूरी टीम को अपने घर बुलाते हैं. गुरुवार को धोनी के घर सिर्फ कोहली, गायकवाड़ और पंत ही नजर आए.
कोहली की बात करें तो उन्होंने इसी महीने 37वां जन्मदिन मनाया है और अक्टूबर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन वनडे में इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी की थी. पहले दो वनडे में लगातार दो बार शून्य पर आउट होने के बाद कोहली ने सिडनी में आखिरी मैच में नाबाद 74 रन बनाकर फॉर्म में वापसी की.










