मंईयां सम्मान योजना की राशि के लिए एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना बोकारो जिले के थर्मल थाना क्षेत्र के नई बस्ती का है। जहां शनिवार देर रात एक युवक ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी रुपेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने अपनी पत्नी झालवा देवी से मंईयां सम्मान योजना की राशि मांगी थी। पत्नी के मना करने पर उसने गला रेतकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के दौरान हुई आवाज सुनकर दंपती की 8 वर्षीय बेटी ने अपने दादा-दादी को इसकी जानकारी दी। दादी ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी की पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पिंकू कुमार यादव पुलिस बल के साथ रात करीब तीन बजे घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के तीन छोटे बच्चे हैं।
बेटी ने बताया कि उसके पिता कोई काम नहीं करते थे और शनिवार सुबह मंईयां सम्मान योजना की राशि को लेकर मां से झगड़ा हुआ था। इसी विवाद के चलते रात में यह हत्या की गई। ग्रामीणों ने बताया कि रुपेश यादव स्वभाव से अत्यंत हिंसक था। वह आए दिन पत्नी की पिटाई करता था और पहले भी अपने माता-पिता पर हमला कर चुका था। मृतका के चाचा हिरालाल गोप ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी आरोपी ने चाकू से झालवा देवी को घायल कर दिया था। इलाज के बाद वह कुछ माह मायके में रही और हाल ही में ससुराल लौटी थी।










