राजधानी रांची के अरगोड़ा स्थित सांसद कार्यालय में मंगलवार को रांची के सांसद एवं केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने “स्वदेशी जन जागरण” अभियान के तहत आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा की और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि 12 अक्टूबर को मोराबादी मैदान से एक स्वदेशी मैराथन का आयोजन किया जाएगा, जो सुबह 6:00 बजे शुरू होगी। यह मैराथन लगभग 3.5 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए राजधानी के विभिन्न मार्गों से होकर पुनः मोराबादी मैदान पर संपन्न होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि इस आयोजन में कारगिल शहीद विजेंद्र यादव के माता-पिता की विशेष उपस्थिति रहेगी। साथ ही, मैराथन में करीब 10,000 प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है, जिनमें विभिन्न कॉलेजों और निजी विश्वविद्यालयों के छात्र, सामाजिक संगठन, एनसीसी, एनएसएस सदस्य और कामकाजी लोग भाग लेंगे।
मैराथन को हरी झंडी दिखाने के लिए राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को आमंत्रित किया गया है, जबकि केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया को भी कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भेजा गया है। यह मैराथन ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘घर-घर स्वदेशी’ जैसे अभियानों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है, जिसमें प्रतिभागी हाथों में तिरंगा लेकर दौड़ लगाएंगे।
इसके अलावा, मंत्री संजय सेठ ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में की गई कमी के चलते त्योहारों के बाजारों में रौनक लौट आई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिवाली, धनतेरस और छठ के मौके पर लोग स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देंगे, जिससे स्थानीय कारीगरों और शिल्पकारों को प्रोत्साहन मिलेगा।










