राजधानी रांची में मंगलवार को राजभवन के समीप आशा कर्मियों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए स्थायी वेतन, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाएं देने की मांग की। प्रदर्शनकारी आशा कर्मियों का कहना था कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की रीढ़ हैं, लेकिन उन्हें अभी तक स्थायी वेतन और पर्याप्त मानदेय नहीं मिल रहा है।
आशा कर्मियों ने आरोप लगाया कि वर्ष 2018 में प्रधानमंत्री द्वारा घोषित इंसेंटिव बढ़ोतरी आज तक कई राज्यों में लागू नहीं की गई है। उन्होंने यह भी मांग की कि आशा, फेसीलिटेटर और बीटीटी को उचित मानदेय दिया जाए तथा सेवा के दौरान दुर्घटना या मृत्यु होने पर सरकार की ओर से मुआवजा सुनिश्चित किया जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो वे राज्यव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।










