रूपी सोरेन की तबीयत फिर बिगड़ी, CM हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन अस्पताल पहुंचे

Share this News:

रांची. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन की तबीयत में मंगलवार को फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिला. सोमवार को उनके स्वास्थ्य में सुधार की बात सामने आयी थी, लेकिन मंगलवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद अस्पताल में डॉक्टरों की टीम अलर्ट हो गयी और उनके इलाज में लगे चिकित्सकों के अलावा शहर के अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों से भी परामर्श लिया गया.

सूत्रों के अनुसार, रूपी सोरेन को ब्रेन और किडनी से जुड़ी परेशानी की शिकायत होने की बात सामने आयी है. संबंधित विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी लगातार निगरानी कर रहे हैं. हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अस्पताल की ओर से आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है.

रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी विधायक कल्पना सोरेन मंगलवार को अस्पताल पहुंचे. दोनों ने इलाज कर रहे डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उपचार को लेकर परामर्श किया. बताया गया कि मुख्यमंत्री और कल्पना सोरेन देर शाम तक अस्पताल में मौजूद रहे.

हैदराबाद शिफ्ट करने की चर्चा, फिलहाल रांची में ही इलाज
मंगलवार शाम रूपी सोरेन को बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद शिफ्ट किए जाने की चर्चा सामने आयी थी. हालांकि, बाद में डॉक्टरों की राय के बाद उन्हें फिलहाल हैदराबाद नहीं ले जाने का निर्णय लिया गया. वर्तमान में उनका इलाज बरियातू स्थित हिल व्यू हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर में ही चल रहा है.

गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को रूपी सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गयी थी. घर पर डॉक्टरों ने उनकी स्वास्थ्य जांच की थी. सांस लेने में परेशानी होने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए हिल व्यू हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. तब से डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *