बिहारशरीफ शहर के भैंसासुर इलाके के सात युवक नेपाल घूमने गए थे, लेकिन वहां हालात बिगड़ने के कारण सभी फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी 5 सितंबर को अपनी कार से नेपाल गए थे।
लेकिन नेपाल में अचानक शुरू हुए प्रदर्शन और हिंसक घटनाओं की वजह से इनकी मुश्किलें बढ़ गईं। चार युवक सुबोध कुमार, संजीव कुमार, विपिन सिंह और धीरज कुमार इस वक्त नेपाल के लोअर मकवानपुर इलाके के एक लॉज में छिपकर रह रहे हैं। ये इलाका भारत-नेपाल रक्सौल बॉर्डर से करीब 100 किलोमीटर दूर है।
युवकों ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की और कई दिनों तक उन्हें न खाना मिला, न पानी। काफी मशक्कत के बाद उन्हें एक लॉज में शरण मिली। अब उनके पास पैसे भी खत्म हो चुके हैं और वे अपने जान-पहचान वालों से ऑनलाइन पैसे मंगाकर किसी तरह गुज़ारा कर रहे हैं।
फंसे युवकों ने बताया कि उनके साथ तीन और साथी भी थे, लेकिन होटल मिलने के बावजूद डर की वजह से वे वहां नहीं रुके। एक टेम्पो चालक की मदद से वो तीनों भारत की ओर रवाना तो हो गए, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं चल सका है।
इधर, घरवालों की चिंता बढ़ गई है। परिवार ने प्रशासन और सरकार से अपील की है कि इनकी सुरक्षित घर वापसी कराई जाए।










