भागलपुर : नवगछिया थाना पुलिस को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने पश्चिम बंगाल की एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से 723 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ है। इसके साथ ही डिलीवरी लेने आए एक युवक को भी गिरफ्तार किया गया है। बरामद ब्राउन शुगर की कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवगछिया पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इलाके में ब्राउन शुगर की बड़ी खेप आने वाली है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए इंटर उच्च विद्यालय के पास वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान लाल बिहारी मोड़ के पास एक युवक और युवती पुलिस को देखकर भागने लगे। संदेह होने पर दोनों को पकड़ लिया गया।
तलाशी के दौरान महिला के पास कैडबरी सेलिब्रेशन के डिब्बे में छिपाकर रखे गए सात पैकेट ब्राउन शुगर बरामद हुए। गिरफ्तार महिला की पहचान जूली उर्फ माही, पिता नज़रुल इस्लाम, थाना मोथाबारी, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। महिला के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
महिला के साथ गिरफ्तार युवक की पहचान गुंजन कुमार, पिता संजय शर्मा, निवासी साहू टोला भवानीपुर, थाना रंगरा के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार, जूली इससे पहले भी तीन बार पश्चिम बंगाल से नवगछिया आकर ब्राउन शुगर की डिलीवरी कर चुकी है और उसे इसके बदले भारी रकम मिलती थी।
इस मामले में पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई में जुट गई है।










