कर्रा में खूनी सड़क हादसा: बेकाबू ट्रक ने मचाई तबाही, PM मोदी और CM हेमंत ने जताया दुख

Share this News:

झारखंड के खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर गुरुवार रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गयी. मृतकों में 11 माह का बच्चा और 19 वर्षीय युवती भी शामिल हैं. हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है.

हादसा रात करीब 9:30 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ था. तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं.

पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर खूंटी में हुए सड़क हादसे में लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति उनकी संवेदनाएं हैं. साथ ही उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

सीएम हेमंत सोरेन ने भी जताया शोक
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि खूंटी के कर्रा में हुए सड़क हादसे में सात लोगों की मृत्यु की हृदयविदारक खबर से मन व्यथित है. उन्होंने दिवंगत लोगों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की.

19 साल की युवती और 11 माह का बच्चा शामिल
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जयंती देवी, मानहु देवी, गोलू, तूती कुमारी, अंजलि कुमारी (19), पाको देवी (65) और 11 माह के सौरभ नायक के रूप में हुई है. सौरभ के पिता का नाम अजीत नायक है. अंजलि कुमारी के पति भी अजीत नायक बताये गये हैं.

हादसे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
बताया गया कि गुरुवार रात किसी दुर्घटना की आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के लोग सड़क पर निकले थे. इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा. हादसे के बाद चालक और खलासी मौके से फरार हो गये. सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे. सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से दो घायल बच्चों को पहले सीएचसी पहुंचाया गया. वहीं, अन्य घायलों को थाना वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया. दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *