बिहार विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजें आने लगे हैं. पटना शिक्षक सीट पर RJD के डॉ. संजीव कुमार ने BJP के वरिष्ठ नेता नवल किशोर यादव को हराकर जीत दर्ज कर ली है. वहीं, पटना स्नातक सीट पर JDU नेता नीरज कुमार पहली वरीयता के वोटों की गिनती में 2,279 मतों से आगे हैं. हालांकि बहुमत का जरूरी आंकड़ा नहीं मिलने के कारण यहां दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती की जा रही है.
पटना स्नातक सीट से नीरज कुमार 2,279 वोटों से आगे
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पहली पसंद के वोटों की गिनती पूरी हो चुकी है. इसमें NDA समर्थित JDU उम्मीदवार नीरज कुमार को 2,279 वोटों की बढ़त मिली है. बढ़त मिलने के बाद वह सुबह मां भगवती के मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की. हालांकि, अभी उनकी जीत पक्की नहीं हुई है.
इसकी वजह यह है कि किसी भी उम्मीदवार को जीत के लिए जरूरी बहुमत नहीं मिला है. ऐसे में अब दूसरी पसंद के वोटों की गिनती की जा रही है. नीरज कुमार ने कहा कि पहली वरीयता के वोटों में उन्हें बढ़त मिली है. अब दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती हो रही है. उन्होंने उम्मीद जताई है कि पहली वरीयता में हम आगे हैं, तो दूसरी वरीयता के वोटों में भी प्रदर्शन अच्छा रहेगा.
दूसरी वरीयता के वोट क्यों हैं अहम?
इस चुनाव में मतदाता अपनी पसंद के उम्मीदवारों को पहली, दूसरी और अन्य वरीयता देते हैं. अगर पहली पसंद के वोटों से कोई उम्मीदवार जीत के लिए जरूरी कोटा हासिल नहीं कर पाता, तो नियमों के अनुसार आगे की वरीयताओं के वोटों की गिनती की जाती है. ऐसे में दूसरी वरीयता के वोटों से उम्मीदवारों के बीच का अंतर बदल सकता है. इसलिए पटना स्नातक सीट पर अंतिम नतीजे के लिए दूसरी वरीयता की गिनती पूरी होने का इंतजार है.
पटना शिक्षक सीट पर डॉ. संजीव कुमार ने जीत दर्ज कर रचा इतिहास
पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में RJD के डॉ. संजीव कुमार ने BJP के नवल किशोर यादव को 1,057 वोटों से हराया है. नवल किशोर यादव करीब 30 साल से इस सीट पर जीतते आ रहे थे. इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा. उपलब्ध मतगणना आंकड़ों के मुताबिक, डॉ. संजीव कुमार (RJD) को 4,487 वोट, नवल किशोर यादव (BJP) को 3,430 वोट और जनसुराज की उम्मीदवार डॉ. दिव्या ज्योति तीसरे स्थान पर रहीं.
जीत के बाद डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि मुकाबला काफी कड़ा था. उन्होंने शिक्षकों के हित में आगे भी काम करने और उनसे किए गए वादों को पूरा करने की बात कही. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान हंगामा हुआ. डॉ. संजीव कुमार के मुताबिक, वह शिक्षकों के हितों की लड़ाई आगे भी जारी रखेंगे.
तिरहुत स्नातक सीट पर वंशीधर ब्रजवासी आगे
तिरहुत स्नातक सीट पर आठ राउंड की गिनती पूरी होने के बाद निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी आगे चल रहे हैं. JDU उम्मीदवार अभिषेक झा दूसरे स्थान पर हैं, जबकि डॉ. रश्मी विनायक गौतम तीसरे स्थान पर हैं. आंकड़ों के अनुसार, आठवें राउंड के बाद के वंशीधर ब्रजवासी (निर्दलीय) 18,873 वोट, अभिषेक झा (JDU) 16,981 वोट और डॉ. रश्मी विनायक गौतम 11,768 वोट मिली है. इस राउंड की गिनती में वंशीधर ब्रजवासी को अभिषेक झा पर 1,892 वोटों की बढ़त मिली है. अंतिम नतीजे के लिए आगे की मतगणना पर नजर बनी हुई है.
कोसी स्नातक सीट पर डॉ. एनके यादव को जीत के लिए 7,943 वोटों की जरूरत
कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में पहली वरीयता के वोटों की गिनती के 11 राउंड पूरे हो चुके हैं. इसके बाद BJP उम्मीदवार डॉ. एनके यादव सबसे आगे हैं. हालांकि जीत के लिए जरूरी वोटों का कोटा पूरा नहीं होने के कारण दूसरी वरीयता की गिनती अहम हो गई है.
आंकड़ों के अनुसार, डॉ. एनके यादव (BJP) को 24,258 वोट, नितेश यादव (RJD) को 18,918 वोट और रजनीश रंजन (जनसुराज) को 15,536 वोट मिले हैं. जीत के लिए जरूरी कोटा 32,201 वोट है. डॉ. एनके यादव को इस आंकड़े तक पहुंचने के लिए पहली वरीयता की गिनती के बाद 7,943 अतिरिक्त वोटों की जरूरत है. अब दूसरी वरीयता के वोटों की गिनती से चुनाव का परिणाम तय होगा.
दरभंगा शिक्षक सीट पर जनसुराज के डॉ. सुरेश राय जीते
दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जनसुराज के डॉ. सुरेश राय ने जीत दर्ज की है. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. मदन मोहन झा को पीछे छोड़ दिया. डॉ. सुरेश राय (जनसुराज) को 2,593 वोट और डॉ. मदन मोहन झा (कांग्रेस) को 2,269 वोट मिले हैं. इस तरह डॉ. सुरेश राय ने 324 वोटों के अंतर से जीत हासिल की.










