रांची में पुलिसकर्मी का घर भी सुरक्षित नहीं! सब-इंस्पेक्टर के बंद मकान से 20 लाख से ज्यादा की चोरी

Share this News:

राजधानी रांची में चोरों के दुस्साहस इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मियों के घर भी उनके निशाने पर आ गए हैं. चुटिया थाना क्षेत्र के पटेल कंपाउंड में हजारीबाग में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के बंद मकान को चोरों ने निशाना बनाया. तीन से चार अपराधियों ने घर का ताला तोड़कर अंदर घुसकर कीमती जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए.

बंद मकान देखकर दिया वारदात को अंजाम

जानकारी के अनुसार सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता का मकान बंद था. इसी का फायदा उठाकर तीन से चार अपराधी घर में दाखिल हुए. उन्होंने इत्मीनान से घर में रखे कीमती सामान की तलाश की और जेवरात व नकदी लेकर निकल गए. वारदात के दौरान अपराधियों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन उनकी गतिविधियां कैमरे में कैद हो गईं.

सब-इंस्पेक्टर शशि गुप्ता के रिश्तेदार ने बताया कि सुबह गेट का ताला टूटा देख वे अंदर गए. तब देखा कि घर के सारे ताले टूटे पड़े हुए हैं. घर में रखे सभी आलमीरा और दीवान टूटे पड़े थे तथा हर कमरे में सामान बिखरा हुआ था. इसके बाद शशि गुप्ता को मामले की जानकारी दी गई. मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने लगभग 20 लाख रुपये से ज्यादा की चोरी को अंजाम दिया है.

मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम

घटना की जानकारी मिलने के बाद चुटिया थाना पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर कई साक्ष्य जुटाए हैं. अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. साथ ही अपराधियों के आने-जाने के रास्ते और वारदात में उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *