रांची-पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी के नौवां माइल में शुक्रवार की सुबह कोयला लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. दुर्घटना के बाद ट्रक में लदा पूरा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा.
घटना की जानकारी मिलने पर कोडरमा पीसीआर पेट्रोलिंग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरा कोयला हटाकर आवागमन सुचारू कराया. इस हादसे में ट्रक चालक को हल्की चोट आई है. घायल की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी कलाम मियां के रूप में हुई है.
चालक कलाम मियां के अनुसार, वह हल्दिया (पश्चिम बंगाल) से कोयला लोड कर बिहार की राजधानी पटना जा रहा था. इसी दौरान कोडरमा घाटी के तीखे मोड़ और ढलान पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क पर पलट गया.
तीखे मोड़ के कारण कोडरमा घाटी में आए दिन होते हैं हादसे
कोडरमा घाटी में तीखे और घुमावदार मोड़ होने के कारण आए दिन सड़क हादसे होते हैं. हाल के दिनों में यहां कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं. इन हादसों में कई लोग घायल हुए. साथ ही यातायात भी प्रभावित हुआ.
हाल के दिनों में हुए सड़क हादसे
- 22 अक्टूबर 2026 : रामगढ़ से खाद लेकर नेपाल जा रहा एक टेलर कोडरमा घाटी में अनियंत्रित होकर पलट गया.
- 23 अक्टूबर 2026 : कोडरमा घाटी में कोयले से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया और सारा कोयला सड़क पर बिखर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई.
- 28 सितंबर 2026 : रजरप्पा मंदिर में पूजा करने के बाद लौट रहे लोगों की कार मेघातरी काली मंडा के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई. इस हादसे में बिहार शरीफ के चार लोग घायल हो गए थे.
- 5 सितंबर 2026 : कोडरमा थाना क्षेत्र में मेघातरी काली मंडा के पास रिफाइंड तेल से भरा एक टैंकर पलट गया. हादसे के बाद सड़क पर बिखरे तेल को लूटने के लिए लोगों के बीच होड़ मच गई.










