खूंटी फादर पर हमले का मामला: संत मिखाइल महागिरजाघर के पुरोहित और आरसी मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक फादर बेनेदिक्त बारला पर हुए हमले के विरोध में गुरुवार को खूंटी में मौन जुलूस निकाला जायेगा. जुलूस सुबह 10 बजे कचहरी मैदान से शुरू होगा. यहां से जुलूस नेताजी चौक होते हुए लोयोला कॉलेज हॉस्टल मैदान तक पहुंचेगा.
बिना नारेबाजी के शांतिपूर्ण विरोध
आयोजकों के अनुसार, मौन जुलूस में शामिल लोग पूरी तरह शांत रहेंगे. इस दौरान न तो कोई भाषण दिया जायेगा और न ही नारेबाजी होगी. जुलूस में शामिल लोग मीडिया से भी बातचीत नहीं करेंगे. शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराते हुए फादर बेनेदिक्त बारला पर हमले के दोषियों की गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की जायेगी.
क्षेत्र में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
मौन जुलूस के माध्यम से भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठायी जायेगी. आयोजकों का उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से प्रशासन का ध्यान घटना की ओर आकृष्ट कराना और दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग करना है.










