राष्ट्रपति मुर्मु ने डॉ. राधाकृष्णन को दी श्रद्धांजलि, बोलीं- शिक्षक देश का भविष्य गढ़ते हैं

Share this News:

शिक्षक दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शिक्षकों से अपने ज्ञान को लगातार बढ़ाने, नई तकनीक अपनाने और पढ़ाने के नए तरीकों का इस्तेमाल करने का आह्वान किया है। राष्ट्रपति ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उनके चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों में स्वतंत्र सोच और जिज्ञासा की भावना विकसित करने का आग्रह किया।

राष्ट्रपति ने सभी समर्पित शिक्षकों के योगदान के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि वे ऐसी पीढ़ियों का निर्माण करते रहें, जो देश को नई ऊंचाइयों तक ले जाएं।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूर्व राष्ट्रपति और शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को श्रद्धांजलि देते हुए उन्हें महान शिक्षक बताया। शिक्षक दिवस हर वर्ष 5 सितंबर को डॉ. राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। इस अवसर पर राष्ट्रपति आज नई दिल्ली में 48 स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्रदान करेंगी। ये शिक्षक 27 राज्यों, सात केंद्र शासित प्रदेशों और छह केंद्रीय सरकारी संस्थानों से चुने गए हैं। इसके अलावा, उच्च शिक्षा संस्थानों और पॉलिटेक्निक के 21 शिक्षकों और प्राध्यापकों को भी राष्ट्रीय पुरस्कार दिए जाएंगे।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *