जयराम महतो की बढ़ीं मुश्किलें, पुलिस एसोसिएशन ने 5 दिनों में गिरफ्तारी की मांग की

Share this News:

रांची. धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ गाली-गलौज, धमकी और कार्यालय में तोड़फोड़ के मामले में डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं. अब झारखंड पुलिस एसोसिएशन की रांची जिला शाखा ने भी विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.

अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल
एसोसिएशन के रांची जिला शाखा अध्यक्ष आनंद राज खलखो ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने अपने मोबाइल से बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार को व्हाट्सएप कॉल किया और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया. आरोप है कि विधायक ने धमकी देते हुए कहा कि सरकार बदलने के बाद जिस थाने में रहोगे, वहां खोजकर तुम्हारी नौकरी बर्बाद कर दूंगा.

समर्थकों के साथ थाना पहुंचने का आरोप
एसोसिएशन के अनुसार, 21 अगस्त की रात विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे. वहां भी थाना प्रभारी के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया गया. आरोप है कि थाना कार्यालय में रखे सामान को तितर-बितर किया गया और थाना प्रभारी की नेम प्लेट भी तोड़ दी गयी.

घटना के संबंध में बरवाअड्डा थाना में मामला दर्ज किया गया है. पुलिस एसोसिएशन ने इस पूरे घटनाक्रम पर नाराजगी जताते हुए जनप्रतिनिधि के आचरण पर सवाल उठाया है.

सोशल मीडिया पर बयानबाजी का भी आरोप
रांची जिला शाखा का आरोप है कि विधायक की ओर से सोशल मीडिया और प्रेस के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के खिलाफ तथ्यहीन बयान और अमर्यादित भाषा वाले वीडियो जारी किये जा रहे हैं. एसोसिएशन ने कहा कि जनप्रतिनिधि की ओर से इस तरह का आचरण पुलिस विभाग की गरिमा को ठेस पहुंचाता है.

पांच दिनों में गिरफ्तारी की मांग
झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय कार्यालय की ओर से विधायक जयराम महतो और अन्य आरोपियों की पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की गयी है. रांची जिला शाखा ने भी इस मांग का समर्थन किया है. एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से अविलंब कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *