JPSC परीक्षा मामले में गिरफ्तारी के एक महीने बाद श्वेता गुप्ता निलंबित

Share this News:

झारखंड लोक सेवा आयोग की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता निलंबित हो गयी हैं. कार्मिक, प्रशासनिक सुधार विभाग ने सोमवार को उनके निलंबन की अधिसूचना जारी कर दी है. श्वेता गुप्ता फिलहाल बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में हैं. उन्हें जेपीएससी मामले में की जांच कर रही सीआइडी ने 22 जुलाई को गिरफ्तार किया था. इसके बाद से वह जेल में हैं, लेकिन अब तक निलंबित नहीं हुई थीं. काफी समय तक उनके मामले की अधिकृत सूचना कार्मिक विभाग को नहीं मिली थी. ऐसे में उनका निलंबन लटका हुआ था. अब जाकर उन्हें निलंबित किया गया है. सामान्य मामले में सरकारी सेवक के गिरफ्तार होने या न्यायिक हिरासत में 48 घंटे होने पर निलंबित कर देने का नियम है.

श्वेता गुप्ता फिर जेपीएससी में उप परीक्षा नियंत्रक नियुक्त
श्वेता गुप्ता झारखंड प्रशासनिक सेवा की अधिकारी हैं. वह इसके पूर्व भी जेपीएससी में उप परीक्षा नियंत्रक के पद पर थीं. दो साल से अधिक इस पद पर रहने के बाद उनका तबादला खाद्य आपूर्ति विभाग में किया गया था. वह खाद्य आपूर्ति विभाग में योगदान नहीं कर रहीं थी, तब कार्मिक विभाग ने उन्हें पत्र लिख कर योगदान करने को कहा.

JPSC में प्रतिनियुक्ति के 13 दिन बाद गिरफ्तारी
कार्मिक विभाग के आदेश के बाद उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग में योगदान दिया था, लेकिन योगदान के बाद ही उन्हें फिर जेपीएससी में प्रतिनियुक्त कर दिया गया. उन्हें अभी 15 दिनों के लिए प्रतिनियुक्त किया गया था. अभी उनकी प्रतिनियुक्ति अवधि को 13 ही दिन हुए थे और वह गिरफ्तार हो गयीं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *