पटना में बड़ा बदलाव, CM आवास शिफ्टिंग से चर्चाओं का बाजार गर्म

Share this News:

बिहार में खरमास बाद नई सरकार बनने की चर्चा है. यह भी संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अगले हफ्ते इस्तीफा दे सकते हैं. लेकिन इससे पहले ही पटना में सीएम हाउस खाली किया जा रहा है. नीतीश कुमार का सामान 1 अणे मार्ग से 7 सर्कुलर रोड में शिफ्ट किया जा रहा है. अब 7 सर्कुलर रोड ही सीएम नीतीश कुमार का नया ठिकाना होगा.

पहले भी 7 सर्कुलर रोड में रह चुके हैं सीएम नीतीश
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ही अभी 7 सर्कुलर रोड का इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन इसका इस्तेमाल सिर्फ सीएम ऑफिस के तौर पर किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि सीएम नीतीश कुमार ने खुद की देखरेख में ही बंगले को बनवाया था.

2014 में लोकसभा चुनाव में जब हार हुई थी, तब उन्होंने सीएम पद छोड़ दिया था. उस वक्त जीतन राम मांझी को मुख्यमंत्री बनाया गया था. इस दौरान सीएम नीतीश कुमार 7 सर्कुलर रोड में रह रहे थे. लेकिन एक बार फिर वे मुख्यमंत्री बने और 1 अणे मार्ग में शिफ्ट हुए.

कैसा है 7 सर्कुलर रोड?
जानकारी के मुताबिक, 7 सर्कुलर रोड पटना के वीआईपी और हाई सिक्योरिटी जोन में आता है. यहां चारों तरफ ऊंची दीवारें हैं और एंट्री गेट पर सुरक्षाकर्मी मौजूद होते हैं. हर जगह CCTV कैमरे लगे हैं, पुलिस और विशेष सुरक्षा बल की तैनाती है. आवास में आने वाले लोगों के लिए अलग चेकिंग गेट हैं. नीतीश कुमार जैसे वरिष्ठ नेता के लिए सुरक्षा कड़ी रखी जाएगी. परिसर का हर कोना निगरानी में रहेगा.

बेहद आलीशान है बंगला
इसके साथ ही यह बंगला बड़ा और शानदार है. मुख्य भवन के सामने और पीछे लॉन फैला हुआ है. लॉन के बीच तालाब जैसा स्थान है, जहां छठ पूजा के समय अर्घ्य दिया जाता है. बंगले के चारों ओर पेड़-पौधे और हरियाली से घिरा शांत वातावरण है. अलग गार्डन और वॉकिंग एरिया भी मौजूद है. नीतीश कुमार को सादगी और हरियाली पसंद है. इसलिए यह परिसर उनके जीवनशैली के अनुरूप है.

लालू यादव के बन जायेंगे पड़ोसी
पटना का 1 अणे मार्ग बिहार की सत्ता का सेंटर प्वाइंट माना जाता है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगभग 20 सालों तक यही रहकर सत्ता चलाए. लेकिन अब उनका ठिकाना बदलने वाला है. गौर करने वाली बात यह है कि सीएम नीतीश कुमार अब लालू यादव के पड़ोसी बन जायेंगे. जानकारी के मुताबिक, राबड़ी आवास और 7 सर्कुलर रोड के बीच लगभग 200 मीटर की दूरी है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *