चाईबासा के सारंडा में बड़ा एनकाउंटर, सुरक्षाबलों से नक्सलियों की घंटों गोलीबारी

Share this News:

चाईबासा जिले के घने सारंडा जंगल में गुरुवार सुबह सुरक्षाबलों और भाकपा माओवादी नक्सली संगठन के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। यह मुठभेड़ छोटानागरा थाना क्षेत्र के जंगली इलाके में हुई, जिसमें कई नक्सलियों के मारे जाने की सूचना मिल रही है। हालांकि, सुरक्षाबलों की ओर से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है।

गुप्त सूचना के आधार पर शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन
सूत्रों के अनुसार सुरक्षाबलों के वरीय अधिकारियों को सारंडा के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता गुप्त सूचना मिली थी। इसी इनपुट के आधार पर सीआरपीएफ, कोबरा, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

सारंडा के घने जंगल में आमने सामने हुई मुठभेड़
सर्च ऑपरेशन के दौरान गुरुवार की सुबह सुरक्षाबलों का सामना भाकपा माओवादी नक्सलियों से हो गया। इसके बाद दोनों ओर से भारी गोलीबारी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ कई घंटों तक चली। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त बल को भी मौके पर भेजा गया है।

इलाके में हाई अलर्ट, अभियान जारी
मुठभेड़ के बाद पूरे सारंडा और आसपास के इलाकों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षाबल इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं ताकि किसी भी नक्सली को भागने का मौका न मिले। अधिकारियों का कहना है कि ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त होने के बाद ही हताहतों और बरामदगी को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *