जयराम महतो का सरकार को अल्टीमेटम – अब संवेदनशीलता दिखाओ

Share this News:

झारखंड विधानसभा के चल रहे शीतकालीन सत्र में प्रवासी मजदूरों की बदतर स्थिति एक बार फिर जोरदार तरीके से गूंजी। बगोदर से विधायक जयराम महतो ने हेमंत सरकार को कड़ी नसीहत देते हुए कहा कि राज्य के प्रवासी मजदूर लगातार संकट में हैं, लेकिन सरकार और उसके विभाग संवेदनशीलता नहीं दिखा रहे।

उन्होंने बताया कि बगोदर के पांच मजदूर अभी भी नाइजर के आतंकियों के कब्जे में फंसे हैं, और उनके परिवारों के पास न राशन है न मदद। परिजन अब विधायकों से गुहार लगा रहे हैं कि उन्हें मुख्यमंत्री से मिलवाया जाए। जयराम ने कहा कि यह स्थिति बेहद चिंताजनक है और राज्य सरकार को तुरंत हस्तक्षेप करना चाहिए।

जयराम ने यह भी खुलासा किया कि झारखंड के विजय कुमार का शव सऊदी अरब में पिछले 50 दिनों से पड़ा हुआ है, लेकिन सरकार की तरफ से कोई ठोस पहल नहीं की गई। उनका कहना था कि प्रवासी मजदूर झारखंड की आर्थिक रीढ़ हैं और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी सरकार की है। उन्होंने विधानसभा में उठाए जाने वाले मुद्दों का जिक्र करते हुए कहा कि गढ़वा, पलामू, चतरा समेत कई इलाकों के लोग रोज समस्याएं लेकर आते हैं। विधायक के रूप में वे निवेदन बनाकर सदन में जमा करते हैं, लेकिन कई विभाग समय पर जवाब तक नहीं देते। ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई जरूरी है।

जयराम ने कहा कि पलायन राज्य का सबसे बड़ा और पुराना मसला है, और विधायक बनने के बाद से उन्होंने अपने चार-पांच प्रखंडों का डेटा जुटाया है जिसमें प्रवासी मजदूरों की संख्या 70 से 75 प्रतिशत तक निकलती है। उन्होंने कहा कि वे हर सत्र में प्रवासी मजदूरों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं और आगे भी उठाते रहेंगे।

सरकार की सात गारंटियों पर सवाल उठाते हुए जयराम ने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में जमीन-आसमान का अंतर है। उन्होंने दावा किया कि जमीनी स्तर पर गारंटी योजनाओं का असर बहुत कम दिखता है। इधर, जयराम ने अपनी हाल की 180 किलोमीटर लंबी पदयात्रा को बेहद सफल बताया। कड़कड़ाती ठंड के बावजूद भारी संख्या में लोगों की उपस्थिति को उन्होंने क्षेत्र की जनता का भरोसा बताया।

जयराम ने कहा कि वे प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा, पलायन रोकने की नीति और विदेशों में फंसे मजदूरों की सुरक्षित वापसी जैसे मुद्दों को सदन में तार्किक तरीके से उठाते रहेंगे। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि वह संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ मजदूरों के जीवन से जुड़े विषयों पर त्वरित कार्रवाई करे।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *