दिनदहाड़े रांची में जेवर चोरी – लाखों के गहने उड़ा ले गए अपराधी

Share this News:

राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में एक जेवर दुकान से गहनों से भरा बैग दिनदहाड़े अपराधी उड़ा ले गए. रुचि ज्वेलर्स में हुई इस वारदात में अपराधियों के हाथ लाखों के गहने लगे हैं. वहीं जानकारी मिलने के बाद अनगड़ा पुलिस तफ्तीश में जुट गई है.

दुकान खुलते ही उड़ा दिया गहने से भरा बैग

रांची के अनगड़ा प्रखंड के गोंदलीपोखर स्थित रुचि ज्वेलर्स से बाइक सवार दो अपराधी गहनों से भरा बैग लेकर फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई वारदात की वजह से बाजार में सननसी फैल गई. जेवर दुकान के मालिक शेखर सोनी ने बताया कि वे हर दिन की तरह शुक्रवार की सुबह लगभग 10 बजे अपने घर से गहनों से भरा बैग लेकर अपने जेवर दुकान पहुंचे थे.

दुकान खोलने के बाद पास में ही गहनों से भरा बैग रख कर पूजा करने लगे. जैसे ही उन्होंने अगरबत्ती दिखाना शुरू किया, तभी दुकान में अचानक एक युवक आया और गहनों से भरा बैग लेकर बाहर भाग गया. एक अपराधी बाइक स्टार्ट कर दुकान के बाहर ही था, देखते ही देखते दोनों बाइक से फरार हो गए. शेखर सोनी ने शोर भी मचाया, लेकिन अपराधी तेजी के साथ फरार हो गए. उन्होंने बताया कि बैग में लाखों के गहने रखे हुए थे.

पुलिस मौके पर पहुंची, जांच में जुटी

मामले की जानकारी मिलने के बाद अनगड़ा पुलिस मौके पर पहुंचकर तहकीकात में जुट गई है. इस संबंध में सिल्ली डीएसपी अनुज ने बताया की वारदात लूट की नहीं है, बल्कि दुकान में रखे गहनों से भरे बैग को अज्ञात अपराधियों के द्वारा ले जाया गया है. अपराधियों की धर-पकड़ के लिए वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी गई है. दुकान के आसपास के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है. बैग में कितने मूल्य के गहने थे इसकी जानकारी अभी जेवर दुकान के मालिक के द्वारा नहीं दी गई है.

जेवर दुकान के ऊपर है बैंक, सुरक्षा पर सवाल

जिस मार्केट में रुचि ज्वेलर्स स्थित है उसी में इंडियन ओवरसीज बैंक का भी एक ब्रांच है. सीनियर पुलिस अधिकारियों का यह निर्देश भी है कि बैंक खुलने के समय बैंक के आसपास पुलिस गश्ती होते रहना चाहिए, लेकिन जिस समय जेवर दुकान में अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया है, उस समय बैंक के आसपास कोई पुलिसकर्मी या गश्ती दल मौजूद नहीं था. यही वजह रही कि अपराधी दिनदहाड़े जेवर दुकान में पहुंचे और जेवर से भरा बैग लेकर फरार हो गए.

रेकी कर रहे थे अपराधी!

पुलिस को आशंका है कि अपराधी जेवर दुकान के मालिक का कई दिनों से रेकी कर रहे थे. दुकान आने और जाने का एक ही समय जानकर अपराधियों में वारदात को अंजाम दिया और फरार होने में भी कामयाब हो गए.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *