आर्मी जवान अजय यादव की हत्या पर बवाल, आरोपी अब भी फरार – पुलिस पर सुस्ती के आरोप

Share this News:

जिले में बीती रात हुए गोलीकांड के विरोध में स्थानीय लोगों और परिजनों ने चास बाईपास रोड को जाम कर दिया। लोगों ने हत्या में शामिल मुख्य आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई।

क्या है मामला?
दरअसल, रविवार रात चास थाना क्षेत्र के गाय घाट के पास आर्मी जवान अजय यादव उर्फ सोनू की अपराधियों ने तीन गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। मृतक छठ पूजा की छुट्टी में अपने घर बोकारो आया हुआ था।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल आर्मी जवान को बोकारो जनरल अस्पताल (BGH) पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया। लेकिन मुख्य आरोपी बलराम तिवारी अब भी फरार है।

आरोपी की गिरफ्तारी की मांग
हत्या के विरोध में परिजन और स्थानीय लोग चास बाईपास रोड पर जुट गए और आवागमन ठप कर दिया। मौके पर चास थाना प्रभारी और एसडीपीओ चास पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।

मृतक के पिता लक्ष्मी नारायण यादव ने बताया कि कोई पुराना विवाद नहीं था, बेटे को फोन कर बुलाया गया और फिर गोली मार दी गई। उन्होंने मांग की कि मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी हो और उसे कड़ी सजा दी जाए।

वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है और पुलिस सुस्त पड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि चास जैसे इलाके में इस तरह की घटना कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा करती है। अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *