झारखंड पुलिस ने देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र स्थित HDFC बैंक डकैती कांड का खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने 11 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
घटना 22 सितंबर 2025 की है, जब मधुपुर के HDFC बैंक शाखा में दिनदहाड़े डकैती की वारदात हुई थी। जांच के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन किया और तकनीकी निगरानी के साथ अपराधियों के ठिकानों पर छापेमारी की।
गिरफ्तार अपराधियों से एक नकाब, एक देसी पिस्तौल, 7.65 एमएम की एक जिंदा गोली, दो ATM कार्ड, ₹5,500 नकद, एक चार पहिया वाहन और 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह झारखंड और बिहार के कई जिलों में सक्रिय था और बैंक, एटीएम तथा फाइनेंस कंपनियों में लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता की पहचान भी की जा चुकी है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
देवघर एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि “इस वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने बेहद कम समय में इस केस को सुलझाया है।” पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क और संभावित सहयोगियों की जांच कर रही है।









