Jharkhand Scholarship Update: हेमंत सरकार ने बढ़ाई राशि, अब नौवीं से 12वीं तक के छात्रों को मिलेगा दोगुना-साढ़ेतीन गुना लाभ

Share this News:

झारखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षा प्राप्त कर रहे सामान्य वर्ग के प्री-पोस्ट मैट्रिक स्टूडेंट्स की छात्रवृत्ति राशि में दो से तीन गुना तक की भारी बढ़ोतरी होने जा रही है। इस फैसले से सामान्य वर्ग के उन हजारों छात्रों को बड़ी राहत मिलेगी, जो अब तक मामूली राशि प्राप्त कर रहे थे। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के इस महत्त्वपूर्ण प्रस्ताव को विभागीय मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी स्वीकृति दे दी है।

इस वृद्धि के बाद, नौवीं-10वीं के स्टूडेंट्स को अब 150 रुपए की जगह 450 रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी, वहीं 11वीं-12वीं के बच्चों को 230 रुपए की जगह 500 रुपए दिए जायेंगे। एक आकलन के मुताबिक, इस बढ़ोतरी से राज्य के करीब 58 हजार बच्चों को सीधा लाभ पहुंचेगा हालांकि राजकोष पर लगभग 27 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। यह बढ़ी हुई राशि इसी वित्त वर्ष से छात्रों को देने की तैयारी की जा रही है।

बता दें कि झारखंड में एससी-एसटी और ओबीसी बच्चों को कल्याण विभाग के तहत छात्रवृत्ति और कई योजनाओं का लाभ मिलता है। सामान्य वर्ग के बच्चों को भी लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री विशेष छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की थी, लेकिन तब उन्हें मिलने वाली राशि काफी कम थी। इस महत्वपूर्ण वृद्धि से अब सामान्य वर्ग के बच्चों को भी शिक्षा में सहायता के लिए काफी लाभ मिलेगा।

इस छात्रवृति राशि की निकासी माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा की जाएगी। और कोषागार के जरिये छात्र-छात्राओं के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से यानि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिये भुगतान किया जायेगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *