बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनज़र चेरिया बरियारपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। क्षेत्र में जनसंपर्क और प्रचार-प्रसार को लेकर सभी दलों के प्रत्याशी मैदान में सक्रिय हैं। इसी क्रम में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के 141 विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी सुशील कुमार ने सोमवार को व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
सुशील कुमार ने शाहपुरा, सिम्हा, खोदमपुर, सागी और सौथ समेत कई पंचायतों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घर-घर जाकर ग्रामीणों से मुलाकात की, उनकी समस्याएं सुनीं और पार्टी की योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राजद हमेशा गरीब, किसान और श्रमिक वर्ग के अधिकारों और उनके विकास के लिए प्रतिबद्ध रही है।
जनसंपर्क के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सुशील कुमार ने कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने पूर्व विधायक राजवंशी महतो के कार्यकाल को लेकर असंतोष जताते हुए कहा कि “पार्टी ने जनता की भावना को समझते हुए इस बार मुझे मौका दिया है, और मुझे क्षेत्र की जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
राजद प्रत्याशी का दावा है कि आगामी चुनाव में विकास, रोजगार और जनसेवा जैसे मुद्दे प्रमुख रहेंगे और चेरिया बरियारपुर में नई शुरुआत की आधारशिला रखी जाएगी।









