झारखंड में भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शहरी नगर निकाय का चुनाव हो रहा है. 23 फरवरी सोमवार को सुबह 7 बजे से वोटिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है, जोशाम 5 बजे तक चलेगा. राज्य के 48 शहरी नगर निकाय क्षेत्रों में चल रहे मतदान पर राज्य निर्वाचन आयोग नजर बनाए हुए हैं. आयोग कार्यालय में बने कंट्रोल रूम से अधिकारी नजर रख रहे हैं.
झारखंड नगर निकाय चुनाव प्रक्रिया को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने कहा कि मतदान शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से सभी स्थानों पर चल रहा है. उन्होंने मतदाताओं से घर से निकलकर मतदान करने की अपील की. इसके साथ ही उन्होंने उम्मीद जताया कि इस बार पिछले चुनाव से अधिक मतदान होंगे.
इन शहरी नगर निकाय क्षेत्रों में हो रहे हैं मतदान
नगर निगम: रांची, हजारीबाग, मेदिनीनगर, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, चास, आदित्यपुर और मानगो
नगर परिषद: गढ़वा, विश्रामपुर, चाईबासा, झुमरी तिलैया, चक्रधरपुर, चतरा, चिरकुंडा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, गुमला, जुगसलाई, कपाली, लोहरदगा, सिमडेगा, मधुपुर, रामगढ़, साहिबगंज, फुसरो और मिहिजाम
नगर पंचायत: बंशीधर नगर, मझिआंव, हुसैनाबाद, हरिहरगंज, छतरपुर, लातेहार, कोडरमा, डोमचांच, बड़की सरैया, धनवार, महगामा, राजमहल, बरहरवा, बासुकीनाथ, जामताड़ा, बुंडू, खूंटी, सरायकेला और चाकुलिया
1087 वार्डों के 4304 बूथों पर हो रहा है मतदान
राज्य में नगर निकायों की कुल संख्या 48 है. जिसमें 9 नगर निगम, 20 नगर परिषद और 19 नगर पंचायत शामिल है. इन नगर निकायों में 13 ऐसे नगर हैं, जहां 2020 से ही चुनाव लंबित हैं. जबकि रांची सहित शेष अन्य नगर निगम एवं निकायों में 2022 से चुनाव लंबित है. इस चुनाव में 1087 वार्डों के 4304 बूथों पर मतदान चल रहा है. इस नगर निकाय चुनाव में नोटा का प्रावधान नहीं है.
राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदान के लिए मतदाताओं का पहचान सुनिश्चित कराने के लिए भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी वोटर आईडी के अलावे 12 अन्य सरकारी और गैर सरकारी फोटोयुक्त पहचान पत्र को भी मान्यता दी है. राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव ने बताया कि मतदान के दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.










