रात की वह आखिरी ड्राइव: सोनारी हादसे में 4 युवाओं की मौत से परिवारों
जमशेदपुर. सोनारी मरीन ड्राइव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों को कभी न भरने वाला जख्म दे दिया. हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवा पढ़ाई के साथ खेल में भी बेहतर कर रहे थे. किसी ने घर से निकलते समय माता-पिता को नाइट स्टे की बात बतायी थी, तो किसी ने देर रात घर से निकलने की जानकारी तक परिवार को नहीं दी. सुबह जब हादसे की खबर घर पहुंची, तो परिवारों की दुनिया ही उजड़ गयी.
वंशिका ने कहा था युविका के घर नाइट स्टे करेगी
आदित्यपुर इमली चौक निवासी पंकज खंडेलवाल की 17 वर्षीय बेटी वंशिका खंडेलवाल घर से यह कहकर निकली थी कि वह मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की बेटी युविका के घर जा रही है. वहां नाइट स्टे कर पढ़ाई करने की बात उसने माता-पिता को बतायी थी. वंशिका पहले भी युविका के घर जाती थी, इसलिए परिवार ने उसे जाने से नहीं रोका.
इसके बाद वंशिका कदमा स्थित दिवली इनक्लेव में युविका के घर पहुंची. युविका ने भी अपने पिता को बताया था कि वह वंशिका के साथ आदित्यपुर स्थित उसके घर जा रही है और वहीं रात में रुककर पढ़ाई करेगी. लेकिन रात में दोनों समेत चारों युवा मरीन ड्राइव की ओर निकल गये और हादसे का शिकार हो गये.
सार्थक ने बिना बताये निकाली पिता की कार
सोनारी कॉन्ट्रैक्टर एरिया एसडीएस रीजेंसी निवासी सार्थक अग्रवाल के घर पर उस समय माता-पिता नहीं थे. घर में सिर्फ दादी थीं. सार्थक ने देर रात अपने पिता की स्विफ्ट कार निकाली और परिवार को जानकारी दिये बिना दोस्तों के साथ निकल गया.
इसके बाद चारों नमन गुप्ता को लेने उसके सेवेध एक्सटेंशन रोड स्थित घर पहुंचे. नमन ने भी अपने माता-पिता से अपने कमरे में सोने की बात कही थी और फिर घर से निकल गया.
सुबह पहुंची हादसे की खबर, परिवारों में मचा कोहराम
नमन गुप्ता के पिता राजीव गुप्ता ने बताया कि बुधवार देर रात करीब एक बजे नमन सबसे बात करने के बाद अपने कमरे में सोने चला गया था. इसके बाद सुबह करीब पांच बजे सोनारी थाना प्रभारी का फोन आया कि उनके बेटे का एक्सीडेंट हो गया है. यह सुनकर परिवार के लोग हक्के-बक्के रह गये.
सोनारी कॉन्ट्रैक्टर एरिया एसडीएस रीजेंसी निवासी सार्थक अग्रवाल की मौत की जानकारी मिलने के बाद गुरुवार रात करीब सवा नौ बजे उसके पिता चेतन अग्रवाल और मां जमशेदपुर पहुंचे. बेटे की मौत से दोनों का रो-रोकर बुरा हाल था. पोस्टमार्टम के बाद सार्थक का शव टीएमएच के शीतगृह में रखा गया. शुक्रवार सुबह 9:30 बजे बिष्टुपुर पार्वती घाट पर अंतिम संस्कार की जानकारी दी गयी.
वंशिका के घर भी पसरा मातम
आदित्यपुर में वंशिका खंडेलवाल के घर घटना की जानकारी सुबह करीब आठ बजे मिली. फुटबॉल मैदान के समीप स्थित देवाशीष कुंज में परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था. पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे वंशिका का शव घर लाया गया. परिवार के मित्र और समाज के लोग घर पहुंचे और नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी.
चारों पढ़ाई के साथ खेल में भी थे आगे
हादसे में जान गंवाने वाले नमन गुप्ता, अंशिका सिंह और युविका सिंह कारमेल जूनियर कॉलेज के छात्र थे. तीनों बास्केटबॉल के अच्छे खिलाड़ी थे. युविका सिंह ने सीआइएससीइ जोनल प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और नियमित रूप से बास्केटबॉल का अभ्यास करती थी.
नमन गुप्ता सीआइएससीइ नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बिहार-झारखंड रीजन की टीम का प्रतिनिधित्व कर चुका था. इसी वर्ष साहिबगंज में आयोजित जूनियर स्टेट चैंपियनशिप में उसने पूर्वी सिंहभूम जिला टीम का प्रतिनिधित्व किया था.
सार्थक अग्रवाल फुटबॉल का अच्छा खिलाड़ी था. इसी वर्ष कारमेल जूनियर कॉलेज की मेजबानी में बाल विहार ग्राउंड में आयोजित सीआइएससीइ जोनल फुटबॉल टूर्नामेंट में उसने हिस्सा लिया था. उसने अपनी टीम को तीन मैचों में जीत दिलायी थी.
अंशिका सिंह ने पिछले वर्ष सीआइएससीइ नेशनल बास्केटबॉल प्रतियोगिता में बिहार-झारखंड क्षेत्रीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था. इस वर्ष 12वीं बोर्ड परीक्षा की तैयारी के कारण उसने सीआइएससीइ टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लिया था, हालांकि वह रोजाना बास्केटबॉल का अभ्यास करती थी.
बुधवार तक चारों ने बास्केटबॉल ग्राउंड में प्रैक्टिस की थी. गुरुवार सुबह पांच बजे भी उन्हें ग्राउंड में अभ्यास के लिए पहुंचना था. लेकिन इससे पहले ही देर रात हुए सड़क हादसे ने चारों की जिंदगी छीन ली और उनके परिवारों को गहरे सदमे में छोड़ दिया.
Keep in touch with our news & offers
Share this News:झारखंड के थानों में CCTV क्यों नहीं? हाईकोर्ट ने सरकार से मांगाShare this News:
Share this News:नवरात्रि के छठे दिन मां कात्यायनी की पूजा क्यों है खास? जानें मंत्र, भोग औरShare this News:
Share this News:बालू चालान में दूरी का खेल? 100 KM की जगह 400 KM दर्ज करनेShare this News:
Share this News:शारदीय नवरात्रि पंचमी आज, मां स्कंदमाता की पूजा के लिए ये हैं शुभ मुहूर्त औरShare this News: