झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज! आज 3 संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार, 13 नवंबर से बढ़ेगी कनकनी

Share this News:

रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से करवट लेने जा रहा है. सुबह और शाम के वक्त हल्की गुलाबी ठंड के बीच अब राज्य के कई इलाकों में बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश का दौर शुरू होने वाला है. आज राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ-साथ गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने के आसार जताए गए हैं. हालांकि विभाग की ओर से किसी तरह की गंभीर चेतावनी या अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन मौसम में आने वाले इस बदलाव से जनजीवन और तापमान पर सीधा असर देखने को मिलेगा.

आज इन इलाकों में बारिश की संभावना

मौसम केंद्र रांची के मुताबिक आज यानी 10 नवंबर को राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह की शुरुआत हल्के से मध्यम कोहरे अथवा कुहासे के साथ होगी. इसके बाद दिन चढ़ने पर आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आज राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों (देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहेबगंज), निकटवर्ती मध्य जिलों (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद) और दक्षिण-पूर्वी जिलों (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां) में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा या गरज वाले बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है.

11 नवंबर को इन इलाकों पर असर पड़ने की संभावना

मौसम का यह रुख कल यानी 11 नवंबर को भी जारी रहने का अनुमान है. 11 नवंबर को भी सुबह के वक्त धुंध और कोहरा छाया रहेगा, जबकि दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल उमड़ेंगे. इस दिन मुख्य रूप से उत्तर-पूर्वी तथा दक्षिण-पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बूंदाबांदी अथवा वर्षा दर्ज की जा सकती है. दूसरी ओर, पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार जैसे उत्तर-पश्चिमी जिलों में मौसम तुलनात्मक रूप से सामान्य बना रहेगा.

अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर असर

तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो अगले 5 दिनों के दौरान राज्य भर में अधिकतम तापमान में किसी बड़े फेरबदल की संभावना नहीं है. रांची और आसपास के क्षेत्रों में दिन का अधिकतम पारा 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर बना रहेगा. वहीं, न्यूनतम तापमान में उतार-चढ़ाव का सिलसिला देखने को मिलेगा. अगले 2 दिनों तक बादलों और नमी के असर से न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज होगी, जिससे रात के समय ठंड का अहसास थोड़ा कम रहेगा. रांची में न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है.

हालांकि, यह राहत बहुत ज्यादा दिनों तक नहीं टिकने वाली है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 12 नवंबर से बारिश की गतिविधियां पूरी तरह थम जाएंगी और सुबह कोहरे के बाद दिनभर आसमान साफ रहेगा. बादल छंटते ही और मौसम शुष्क होते ही अगले 3 दिनों में न्यूनतम पारे में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की तेज गिरावट आएगी. इस गिरावट के साथ ही 13-14 नवंबर से राज्यभर में अच्छी खासी ठंड और कनकनी का एहसास तेजी से बढ़ने लगेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *