सरायकेला जिले के चौका थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 (NH-33) पर शनिवार सुबह एक बस भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. कोलकाता से रांची की ओर जा रही शिवम बस झाबरी गांव के समीप अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई. घटना के वक्त बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे, जिनमें से कई यात्री घायल हो गए.
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना सुबह लगभग चार बजे घटी. इस दौरान लगभग सभी यात्री नींद में थे, तभी अचानक तेज झटके के साथ बस पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए.
चौका थाना प्रभारी का बयान
दुर्घटना की जानकारी मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग से बस के अंदर फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला. चौका थाना प्रभारी ने बताया कि बस में 25 से 30 यात्री मौजूद थे. दुर्घटना में गंभीर रूप से चोटिल हुए तीन यात्रियों सहित अन्य आंशिक रूप से घायल लोगों को प्राथमिक उपचार एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया है.
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद हाइवे पर कुछ समय के लिए वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी, जिसे पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटाकर यातायात सामान्य कराया. वहीं, पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है.










