एशियाई खेल चैंपीयन भारतीय हॉकी टीम की कप्तान रही असुंता लकड़ा ने हॉकी झारखंड के अध्यक्ष और हॉकी इंडिया लिमिटेड के महासचिव भोलानाथ सिंह पर हमला बोला है। जिस तरह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष रहे ब्रजमोहन सिंह पर ओलंपियनों ने आरोप लगाये थे और मामला अदालत तक पहुंचा था. उसी तरह हॉकी झारखंड में भी अब अंदरखाने की गरमाहट सामने आने लगी है। असुंता लकड़ा ने जब झारखंड में हॉकी के खिलाड़ियों के साथ होनेवाले दुर्व्यवहार की बातें कही, तो उन्हें औकात में रहने की धमकी दी गयी।
असुंता लकड़ा ने न्यूज़ फ्रेम के साथ कई बातें शेयर की है। फिलहाल असुंता लकड़ा भारतीय हॉकी टीम की सेलेक्टर और कई समितियों की सदस्य हैं। उनका कहना है कि हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने उनके साथ बदतमीजी की और उन्हें अपनी सीमा की हद पार नहीं करने की बातें तक कह डाली। यह भी चेतावनी दी गयी कि यदि वे ऊपर गयीं, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
असुंता ने भारतीय हॉकी के लिए अपने सुनहरे 15 वर्ष दिये हैं। और भारतीय हॉकी टीम की कैप्टन भी रहीं। झारखंड राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कोच की भूमिका भी निभायी। उन्होंने युवा और उभरती झारखंड की हॉकी खिलाड़ियों की बेहतरी की आवाज उठानी चाही। पर इसके लिए उन्हें संघ की तरफ से धमकी और चेतावनी मिली। असुंता ने हॉकी झारखंड के कोच रहे सुधीर गोला पर भी सवाल खड़े किये हैं और कहा है कि महिला हॉकी खिलाड़ियों के साथ दुर्व्यवहार और यौन शोषण किया जाता है। दो महीने पहले नौ मई 2026 को भोलानाथ सिंह ने फोन पर मुझे औकात में रहने की धमकी दी थी, उस समय मेरे पिता बीमार थे। भोलानाथ सिंह ने यहां तक कहा कि कोई माई का लाल उन्हें हॉकी झारखंड और फेडरेशन ऑफ इंडियन हॉकी से बाहर नहीं निकाल सकता है। हाकी झारखंड के कोच सुधीर गोला, जिन्हें झारखंड सरकार ने हटा दिया है, वे अब भी हाकी झारखंड के दफ्तर में घूमते दिखते हैं। असुंता ने 29 जून को राज्य के खेल मंत्री सुदिव्य सोनू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिल कर लिखित शिकायत की है।










