EOU की बड़ी कार्रवाई, आय से अधिक संपत्ति मामले में उत्पाद पदाधिकारी पर शिकंजा

Share this News:

बिहार के सिवान से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्पाद विभाग के कार्यालय और बैरक में छापेमारी की है। पटना से पहुंची EOU की टीम पिछले करीब दो घंटे से परिसर में मौजूद दस्तावेजों और रिकॉर्ड की गहन जांच कर रही है।

छापेमारी के दौरान पूरे परिसर को पुलिस बल ने घेर रखा है। सुरक्षा के मद्देनजर किसी भी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। टीम कार्यालय कक्ष और बैरक के अंदर रखे दस्तावेजों, अभिलेखों और अन्य रिकॉर्ड की बारीकी से जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई उत्पाद विभाग के पदाधिकारी अंकेश कुमार गोंड़ के खिलाफ दर्ज आय से अधिक संपत्ति के मामले में की जा रही है। आर्थिक अपराध इकाई ने विशेष न्यायालय (निगरानी), पटना से तलाशी वारंट प्राप्त करने के बाद एक साथ पांच अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी शुरू की है। इनमें पटना, मुंगेर और सिवान स्थित ठिकाने शामिल हैं।

सिवान में चल रही कार्रवाई के दौरान EOU की टीम उत्पाद विभाग के कार्यालय और बैरक में उपलब्ध दस्तावेजों की जांच कर रही है। परिसर के बाहर सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

फिलहाल छापेमारी में शामिल अधिकारी मामले को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई पूरी होने के बाद ही बरामदगी, जब्त दस्तावेजों और आगे की कानूनी प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।

आर्थिक अपराध इकाई की यह कार्रवाई अभी जारी है। छापेमारी पूरी होने के बाद मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *