झारखंड में 24 फरवरी तक सुबह कुहासा, दोपहर में चढ़ेगा पारा; बारिश के आसार नहीं

Share this News:

पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने से झारखंड के मौसम में बदलाव के संकेत मिले हैं. मौसम विज्ञान विभाग के रांची केंद्र के अनुसार, 24 फरवरी तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में सुबह के समय हल्का से मध्यम कुहासा छाया रहेगा. दिन चढ़ने के साथ आंशिक बादल रहने की संभावना है. हालांकि, पूरे दौर में मौसम शुष्क ही रहेगा. बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी से दिन में हल्की गर्मी का एहसास होगा.

सुबह कुहासा, दोपहर में बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार से लेकर 24 फरवरी तक सुबह के समय विजिबिलिटी कम हो सकती है. खासकर हाइवे और ग्रामीण सड़कों पर वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है. दोपहर के समय धूप तेज होगी और तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. दिन में उमस बढ़ने से लोगों को पसीना भी महसूस हो सकता है, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रहेगी.

राज्य में तापमान का हाल
तापमान के हालिया आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार को सबसे कम न्यूनतम तापमान गुमला में 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं सबसे अधिक अधिकतम तापमान चाईबासा में 33.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10.3 डिग्री सेल्सियस रहा. मेदिनीनगर में अधिकतम 32.4 डिग्री और न्यूनतम 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

गोड्डा में 3-4 डिग्री तक बढ़ेगा पारा
मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद के अनुसार गोड्डा क्षेत्र में आने वाले 48 से 72 घंटों के भीतर दिन और रात दोनों के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. अनुमान है कि अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए लोगों को हाइड्रेशन पर ध्यान देने की सलाह दी गयी है.

उत्तर-पूर्वी झारखंड का पांच दिन का पूर्वानुमान
देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 29 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. गोड्डा और पाकुड़ में 20 और 21 फरवरी को अधिकतम 33 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 12 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. सुबह कुहासा और दिन में धूप का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा.

उत्तर-पश्चिमी झारखंड में बढ़ेगी तपिश
कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और पलामू में अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है. चतरा और गढ़वा में 18 और 19 फरवरी को अधिकतम 33 डिग्री तक पहुंच सकता है. न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. सुबह हल्की ठंड और दिन में गर्मी का असर रहेगा.

मध्य झारखंड में सामान्य से अधिक तापमान
बोकारो, रामगढ़, हजारीबाग, रांची, खूंटी और गुमला में अधिकतम तापमान 28 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. बोकारो में 18 से 20 फरवरी के बीच अधिकतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं खूंटी और गुमला में न्यूनतम तापमान 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जिससे सुबह हल्की सिहरन महसूस होगी.

दक्षिणी और कोल्हान क्षेत्र में गर्मी का असर
पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम और सिमडेगा में अधिकतम तापमान 32 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. पश्चिमी सिंहभूम में 20 फरवरी को 35 डिग्री सेल्सियस तक पारा चढ़ने की संभावना है. न्यूनतम तापमान 11 से 16 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा. दिन में धूप तेज और उमस अधिक रहने की संभावना है.

गाड़ी धीमे चलाएं
विशेषज्ञों ने सुबह के समय कुहासे को देखते हुए वाहन चालकों को धीमी गति से चलने की सलाह दी है. दिन में बढ़ती गर्मी से बचने के लिए छाता, टोपी और पर्याप्त पानी का सेवन जरूरी बताया गया है. बदलते मौसम में स्वास्थ्य का ध्यान रखने और बुजुर्गों व बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *