धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र स्थित सिंह मेंशन में रविवार देर रात बाइक सवार अपराधियों ने बमबाजी कर इलाके में दहशत फैला दी। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 से 12:00 बजे के बीच अपराधियों ने सिंह मेंशन पर दो बम फेंके। पहला बम गेट के अंदर जाकर फटा, जहां आमतौर पर बैठकें होती हैं, जबकि दूसरा बम परिसर के बाहर गिरा। रात का समय होने के कारण कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह की जानमाल की क्षति नहीं हुई।
धमाके के वक्त घर में मौजूद थे रागिनी सिंह और संजीव सिंह
धमाके की तेज आवाज से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय झरिया विधायक रागिनी सिंह और उनके पति, पूर्व विधायक संजीव सिंह आवास के भीतर मौजूद थे। सुरक्षा गार्ड और अंदर मौजूद लोग जब तक बाहर निकले, तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे घटनास्थल का निरीक्षण किया।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस, सुतली बम की पुष्टि
पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सिंह मेंशन में लगे CCTV कैमरों का DVR जब्त कर लिया गया है और आसपास के कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बम सुतली बम था, जिससे बड़े नुकसान की आशंका नहीं थी। पुलिस का मानना है कि यह घटना दहशत फैलाने के उद्देश्य से की गई है। सिटी एसपी के अनुसार, सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही अपराधियों की पहचान की जाएगी।
राजनीतिक साजिश की आशंका, नामांकन से पहले हमला
यह घटना ऐसे समय में हुई है, जब पूर्व विधायक संजीव सिंह ने नगर निकाय चुनाव में मेयर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की है। वे मंगलवार को नामांकन दाखिल करने वाले हैं। नामांकन से ठीक दो दिन पहले हुई इस बमबाजी को राजनीतिक साजिश या डराने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।










