रांची के ओरमांझी इलाके में बस के धक्के से एक नाबालिग के घायल होने के बाद भीड़ आक्रोशित हो गई. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने बस को आग के हवाले कर दिया. बस जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही थी. इस घटना में बस पूरी तरह जलकर राख हो गई.
नाबालिग की स्थिति गंभीर
जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र में बुधवार की रात चूट्टूपालू घाटी के पास सड़क पार कर रही एक स्थानीय नाबालिग लड़की को एक यात्री बस ने अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई. इसी बीच अफवाह फैल गई कि लड़की की मौत हो गई है. इसके बाद आक्रोशित भीड़ में कुछ लोगों ने बस में आग लगा दी. बस यात्री आनन फानन में नीचे उतर आए. वहीं ड्राइवर और खलासी भी किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई.
ओरमांझी में चल रहा है नबालिग का इलाज
इस घटना में देखते ही देखते बस पूरी तरह जलकर राख हो गई. ओरमांझी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की. इसी बीच रामगढ़ से दमकल वाहन मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाया. हालांकि बस पूरी तरह जलकर राख हो गई.
घटना को लेकर सिल्ली डीएसपी अनुज ने बताया कि नबालिग लड़की का इलाज ओरमांझी में चल रहा है. बस में आग लगाने वालों को चिन्हित किया जा रहा है. यह बस जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही थी. रामगढ़ से आए दमकल ने आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया.










