झारखंड भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, संगठनात्मक सुधार और जनसंवाद पर जोर

Share this News:

आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। बुधवार को रांची में राज्य भाजपा के चुनाव पदाधिकारी जुएल उरांव ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा की। अध्यक्ष पद की घोषणा के साथ ही भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। धनबाद कोयलांचल के नेता और कार्यकर्ता ने बधाई दी है।

आदित्य साहू के ओबीसी समुदाय से आने के कारण उनके चयन को सामाजिक संतुलन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके अध्यक्ष बनाए जाने से राज्य भर के पिछड़ा वर्ग के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह है। भाजपा नेताओं का कहना है कि इससे संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।

झारखंड के वरिष्ठ भाजपा नेता गणेश मिश्र ने साहू को बधाई देते हुए कहा कि वे लंबे समय से संगठन के लिए समर्पित भाव से काम कर रहे हैं। उनके अनुभव का लाभ पार्टी को मिलेगा और भाजपा झारखंड में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी।

झरिया की विधायक रागिनी सिंह ने भी आदित्य साहू को बधाई दी। उन्होंने कहा कि साहू के नेतृत्व में भाजपा जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी और संगठन को बूथ स्तर तक और सशक्त किया जाएगा।

चिरकुंडा नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष जय प्रकाश सिंह ने कहा कि संगठन से निकले व्यक्ति को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। इससे पार्टी की एकजुटता और कार्यक्षमता में इजाफा होगा।

गोड्डा के सांसद डा. निशिकांत दुबे ने भी बधाई दी है। उन्होंने कहा है-साहू के नेतृत्व में झारखंड में भाजपा में सकारात्मक परिवर्तन होगा। कई अन्य भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी साहू को शुभकामनाएं दीं।

नेताओं का मानना है कि उनके नेतृत्व में संगठनात्मक ढांचा और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा। साथ ही उम्मीद जताई गई कि आने वाले दिनों में भाजपा झारखंड में जनमुद्दों को लेकर आक्रामक भूमिका निभाएगी और पार्टी का जनाधार और अधिक विस्तृत होगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *