रांची जिले के टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशन पर खड़ी एक मालगाड़ी में सेना के जवान द्वारा महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। Army jawan rape की यह घटना गुरुवार शाम की है। आरोपी जवान को मौके पर ही पकड़कर गिरफ्तार कर लिया गया। पीड़िता की मेडिकल जांच शुक्रवार को कराई गई, जबकि शनिवार को कोर्ट में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान अजीत सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से प्रयागराज के शाहपुर का निवासी है और वर्तमान में पटियाला स्थित 42 मीडियम रेजिमेंट में तैनात है। जांच में सामने आया है कि गुवाहाटी से नामकुम स्थित आर्मी हेडक्वार्टर के लिए सामान लेकर आई सेना की ट्रेन को 15 दिसंबर के बाद अगले आदेश तक टाटीसिल्वे स्टेशन की लाइन संख्या-3 पर खड़ा किया गया था। इसी ट्रेन की सुरक्षा में आरोपी जवान की ड्यूटी लगी थी।
पीड़िता ने रांची जीआरपी को बताया कि वह अनगड़ा से टाटीसिल्वे स्टेशन पहुंची थी और रांची जाने के लिए ट्रेन का इंतजार कर रही थी। शाम करीब 5:30 बजे आरोपी जवान ने उसे जबरन खींचकर लाइन संख्या-3 में खड़ी ट्रेन की एक खाली बोगी में ले गया। वहां दरवाजा बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मारपीट भी की गई।
महिला के शोर मचाने पर ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवान मौके पर पहुंचे और बोगी का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी घबरा गया और दरवाजा खोलकर भागने की कोशिश की, लेकिन आरपीएफ के जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पकड़ने के दौरान आरोपी ने जवानों से हाथापाई की, जिसमें दो आरपीएफ कर्मियों को चोटें आईं।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और सभी कानूनी प्रक्रियाएं नियमानुसार पूरी की जा रही हैं। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।










