धनबाद में कोलियरी गैस रिसाव से बड़ा हादसा – एक की मौत, कई बीमार

Share this News:

धनबाद के केंदुआ चिल्ड्रन पार्क के पास राजपूत बस्ती में बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। बंद पड़ी भूमिगत कोलियरी से जहरीली कार्बन मोनोऑक्साइड गैस के रिसाव के कारण प्रियंका देवी (28) की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत है।

जानकारी के अनुसार प्रियंका देवी रात में बंद कमरे में सोई थीं। सुबह देर तक दरवाजा न खुलने पर पड़ोसियों ने दरवाजा तोड़ा और उन्हें अचेत अवस्था में पाया। उनके शरीर पर ठंडक आ चुकी थी और मोबाइल में 63 मिस्ड कॉल मिले। वह एक दिन पहले ही लखीसराय से शादी समारोह में शामिल होकर लौटी थीं।

गैस रिसाव का असर लगभग 40 घरों पर दर्ज किया गया है। अब तक करीब एक दर्जन लोग बीमार पाए गए हैं। इनमें बच्चे और महिलाएं ज्यादा प्रभावित हैं। जय पंडित (2), अर्चना कुमारी (16), मेघा कुमारी (14), सोनाली शर्मा, पिंकी शर्मा, संगीता शर्मा और मोहम्मद कासिम सहित कई लोगों को उल्टी, दस्त, कंपकंपी और चक्कर आने की शिकायत के बाद अस्पताल भेजा गया है।

बीसीसीएल प्रबंधन ने बताया कि बंद पड़ी केंदुआडीह कोलियरी के 13 और 14 नंबर सिम से गैस रिसाव हो रहा है। लगभग 400 फीट क्षेत्र इस समय प्रभावित बताया जा रहा है। प्रशासन और बचाव दल लोगों को घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दे रहे हैं।

इमरजेंसी व्यवस्था के तहत दो स्थानों पर तंबू लगाए गए हैं, जहां करीब 15 से 20 परिवारों को अस्थायी रूप से रखा जा रहा है। साथ ही लोगों को दरवाजे और खिड़कियां खुले रखने की चेतावनी दी गई है ताकि कमरे में गैस का दबाव न बढ़े।

स्थानीय प्रशासन ने कहा कि स्थिति की निगरानी जारी है और बीसीसीएल की तकनीकी टीम रिसाव को रोकने में जुटी है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *