दीपावली की रात सासाराम में ताबड़तोड़ फायरिंग: ज्वेलरी कारोबारी और बेटे को गोली, हालत नाजुक

Share this News:

दीपावली की रात सासाराम में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नगर थाना क्षेत्र के फजलगंज में स्थित एक आभूषण दुकान में पूजा कर रहे कारोबारी और उसके बेटे को गोली मार दी गई। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार तड़के करीब 3 बजे की बताई जा रही है।

घटना में घायल कारोबारी अशोक सोनी और उनका 12 वर्षीय बेटा राजवीर सोनी को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया। जहां से अशोक सोनी की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया, जबकि राजवीर का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

अशोक सोनी मुबारकगंज के रहने वाले हैं और फजलगंज में वर्षों से आभूषण की दुकान चला रहे हैं। दीपावली के अवसर पर वह अपने परिवार के साथ दुकान में पूजा कर रहे थे। उसी दौरान बाइक पर सवार तीन हथियारबंद अपराधी दुकान के बाहर पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी।

परिवार के लोगों ने तुरंत दुकान का शटर बंद करने की कोशिश की, लेकिन तब तक अशोक सोनी को सीने में और उनके पुत्र राजवीर को पैर में गोली लग चुकी थी। गोलीबारी के समय पूरा परिवार दुकान में ही मौजूद था, जिससे वहां भगदड़ की स्थिति बन गई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल से चार खोखा बरामद किए गए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

दीपावली की रात घटी इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। व्यापारी वर्ग में आक्रोश है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *