झामुमो नेता मुन्ना सिन्हा हत्याकांड का आरोपी अरुण ठाकुर गिरफ्तार, जमीन विवाद बना खूनी संघर्ष की वजह

Share this News:

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पांकी प्रखंड अध्यक्ष मुन्ना सिन्हा की हत्या के मुख्य आरोपी अरुण उर्फ डोमन ठाकुर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शुक्रवार देर शाम छापेमारी कर आरोपी को उसी इलाके से गिरफ्तार किया, जहां वह घटना के बाद से छिपा हुआ था। गौरतलब है कि 14 अक्टूबर को पांकी थाना क्षेत्र के डंडार गांव में मुन्ना सिन्हा की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात का आरोप गांव के ही रहने वाले अरुण ठाकुर पर लगा था।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मुन्ना सिन्हा और अरुण ठाकुर के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन मुन्ना सिन्हा विवादित जमीन की जुताई करवा रहे थे, इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, बहस इतनी बढ़ गई कि अरुण ने टांगी से हमला कर दिया, जिससे मुन्ना सिन्हा की मौके पर ही मौत हो गई। पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूछताछ जारी है। मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस ने इस हत्याकांड में इस्तेमाल हुई टांगी पहले ही बरामद कर ली थी।

इलाके में तनाव, राजनीतिक हलकों में हलचल
झामुमो नेता की हत्या से इलाके में तनाव है और राजनीतिक हलकों में भी खलबली मची हुई है। झामुमो कार्यकर्ताओं ने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *