गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा: स्कूल जा रहा ऑटो पलटा, 9 वर्षीय बच्ची की मौत

Share this News:

गुमला के बसिया थाना क्षेत्र में महाराजगंज के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया. इस सड़क हादसे में 9 वर्षीय आकांक्षा कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय अलमा केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.

स्कूल जाते समय हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, गंगड़ा गांव निवासी अजय गोप की बेटी आकांक्षा कुमारी अन्य बच्चों के साथ ऑटो से महाराजगंज स्थित मदर अमृता पब्लिक स्कूल जा रहा था. रास्ते में अचानक ऑटो चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ऑटो सड़क किनारे पलट गया. ऑटो के नीचे दबने से दोनों बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं.

बच्ची ने अस्पताल में तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायल बच्चियों को रेफरल अस्पताल बसिया पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद आकांक्षा कुमारी को मृत घोषित कर दिया. अलमा केरकेट्टा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. आकांक्षा तीसरी कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में काफी होनहार बताई जा रही थी.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए. अपनी मासूम बच्ची को खोने के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे हैं.

पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही बसिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में ऑटो के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *