विधायक कल्पना सोरेन ने शिल्पा राव के लाइव शो में किया सरप्राइज जॉइन, सुरों की जुगलबंदी पर झूम उठा मोरहाबादी

Share this News:

झारखंड स्थापना दिवस समारोह के दूसरे दिन संगीत की महफिल उस समय और ज्यादा खास हो गई जब बॉलीवुड की प्रसिद्ध प्लेबैक सिंगर शिल्पा राव अपनी दिलकश प्रस्तुति दे रही थीं.

उनकी आवाज पूरे मोरहाबादी मैदान में गूंज रही थी और दर्शक पूरी तरह सुरों में डूबे थे. इसी बीच एक अनोखा और यादगार पल आया. विधायक कल्पना सोरेन भी मंच के सामने मौजूद दर्शकों के बीच से उठकर शिल्पा राव के साथ स्टेज पर पहुंच गईं.

शिल्पा राव के लाइव परफॉर्मेंस का जादू इतना असरदार था कि कल्पना सोरेन अपने आप को रोक नहीं पाईं और उन्होंने मंच पर जाकर बॉलीवुड गीतों पर साथ में गाना शुरू किया. दोनों ने सुरों को मिलाते हुए बेहद सहज और आत्मीय तरीके से प्रस्तुति दी. यह दृश्य देखते ही दर्शकों में उत्साह की लहर दौड़ गई. मंच पर यह संगीत संगम इतना खूबसूरत था कि लोग लगातार तालियां बजाते हुए उनका हौसला बढ़ाते रहे.

दर्शकों ने कहा कि यह पल झारखंड स्थापना दिवस समारोह के सबसे यादगार क्षणों में से एक रहा. क्योंकि इसमें एक तरफ बॉलीवुड का दमदार स्वर मंच पर था और दूसरी तरफ राज्य की लोकप्रिय जनप्रतिनिधि खुद जनता के बीच जाकर कला और संस्कृति के उत्सव में शामिल रहीं.

बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव ने भी कल्पना सोरेन का स्वागत मुस्कुराते हुए किया और दोनों ने मिलकर गीतों के माध्यम से इस रात को और भी मधुर और खास बना दिया. यह दृश्य लंबे समय तक लोगों की स्मृतियों में अंकित रहेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *